प्रदेश में तेज़ आंधी के साथ बरसेंगे मेघ

हिमाचल प्रदेश में बुधवार से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। 15 और 16 जून को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से यैलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से  चलेगा तूफान
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार प्रदेश में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तूफान चलेगा। बारिश जहां लोगों के लिए राहत लेकर आएगी, तो वहीं तूफान नुक्सान पहुंचा सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे सतर्कता बरतें।

बीते दिनों प्रदेश के कई क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट आई है। हालांकि गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी है। रविवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली तो वहीं मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

तापमान पर एक नजर
रविवार को प्रदेश में ऊना जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सिरमौर के धौलाकुआं में 40.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

इसके अलावा बिलासपुर में 38.5, बरठीं 38.7, हमीरपुर 37.9, सुंदरनगर 36.4, कांगड़ा 37.4, डल्हौजी 25.3, शिमला 27.5, कोटखाई 29, सोलन 33.5, नारकंडा 20, नाहन 38.9, रिकांगपिओ 30.4, भुंतर 31.8, धर्मशाला 35 डिग्री और केलांग में 20 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

ऐसे में अब हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने से किसानों-बागवानों को राहत मिलेगी। वहीं जंगलों की आग का सिलसिला भी अब थमने लगा है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।