हिमाचल में सस्ती होगी हेलिटैक्सी : सीएम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में सरकार के उपक्रम पवन हंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजीव राजदान के साथ एक बैठक में राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए शिमला-धर्मशाला हेलि टैक्सी सेवाओं की दरें कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिमला-धर्मशाला के लिए सीधी उड़ान आरंभ करने के भी निर्देश दिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रबंध निदेशक को शिमला से मनाली के लिए हेलि टैक्सी सेवाएं शीघ्र आरंभ करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों और पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हेलि टैक्सी सेवाओं को सुदृढ़ करने से प्रदेश में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा। संजीव राजदान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि शिमला-धर्मशाला हेलि टैक्सी की दरें शीघ्र ही कम की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पवन हंस द्वारा शिमला से मनाली के लिए उड़ानें आरंभ करने के लिए पूर्ण प्रयास किए जाएंगे।

मनाली में हेलिपैड को उपयोग करने का मामला रक्षा मंत्रालय के साथ उठाया गया है और मंत्रालय से स्वीकृति प्राप्त होते ही शिमला से मनाली के लिए उड़ानें आरंभ कर दी जाएंगी। भारत सरकार के साथ यह मामला प्रभावी रूप से उठाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के सलाहकार व प्रधान निजी सचिव डा. आरएन बत्ता भी बैठक में उपस्थित थे। इससे पहले बुधवार सुबह अनाडेल से दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में हवाई अड्डे के विस्तार का काम चल रहा है।

यहीं पर मुख्यमंत्री ने हेलि टैक्सी सर्विस का रिव्यू भी किया और यहीं से पवन हंस के एमडी को फोन करके दिल्ली मिलने बुलाया गया था। उसके बाद दिल्ली में यह बैठक हुई। अब राज्य में हेलि टैक्सी का किराया और सस्ता होने वाला है। मुख्यमंत्री ने शिमला के पास जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे के विस्तार कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इस परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *