प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

हिमाचल में शुक्रवार से मौसम बदलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार से बारिश व ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में गर्मी से लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। वहीं किसानों-बागबानों के लिए भी बारिश राहत लेकर आ सकती है। हालांकि ओलावृष्टि से जरूर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. सुरेंद्र पाल ने बताया कि 20 मई से हिमाचल में मौसम बदलेगा। 24 मई तक प्रदेश में बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट है। इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने के आसार भी हैं।

24 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। वहीं गुरुवार को राजधानी शिमला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहा। मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्म हवाओं का चलना जारी रहा। तेज धूप के कारण तापमान में भी उछाल दर्ज किया गया।

बारिश होने को लेकर यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश के माध्यम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, सिरमौर और लाहुल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में तेज तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला के अणु में गत बुधवार पांच मिलीमीटर बारिश हुई।

ऊना जिला में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री, सुंदरनगर में 36.7 डिग्री, भुंतर में 35.2, कल्पा 23.6 धर्मशाला 35, नाहन 35.4 केलंग 22.3 पालमपुर 31.8 सोलन 34.5 मनाली 24.6 कांगड़ा 37.8, मंडी 33.6 बिलासपुर 38.5 हमीरपुर 38.0 चंबा 36.4, डलहौजी में 25.9 और कुफरी में 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।