होम

हिमाचल में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। ऊंची चोटियों पर जहां ताजा बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफान ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।

शुक्रवार को राजधानी शिमला में ओलावृष्टि व बारिश से सुबह के समय अंधेरा ही छा गया, जबकि सोलन व अन्य जिलाें में खूब बारिश हुई।

सिरमौर में भूस्खलन की घटना सामने आई है और चम्बा में आंधी से एक मकान की छत उड़ गई। उधर, रोहतांग दर्रा, ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ।

कहां कितनी हुई बारिश

शिमला में 2, सुंदरनगर में 1, भुंतर में 1, कल्पा में 0.1, केलांग में 1, सोलन में 4, सेओबाग में 2.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि पिछले 24 घंटों में राजगढ़ में 7, जुब्बड़हट्टी में 5, कसौली, बल्द्वाड़ा में 4-4, धर्मपुर, शिमला में 3-3, सुंदरनगर, अघार, कंडाघाट, नादौरान, भराड़ी, मैहरे, देहरा गोपीपुर, सुजानपुर टिहरा में 2-2, रेणुका/ददाहू, घमरूर, बैजनाथ, जोगिंद्रनगर, बिलासपुर व चौपाल में 1-1 सैंटीमीटर वर्षा हुई है।

शिमला में ओलावृष्टि के अलावा मेघ गर्जन व बिलासपुर में 60, नेरी में 61, सेओबाग में 52, बजौरा में 50, ताबो में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान भी चला।

पांवटा साहिब-शिलाई एनएच 707 पर भूस्खलन

राज्य के जिला सिरमौर के तहत पांवटा साहिब-शिलाई एनएच 707 में उत्तरी गांव के पास पहाड़ी से भूस्खलन भी हुआ। यहां पर लोगों व काम कर रहे मजदूरों ने भाग कर जान बचाई।

इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक कार भी खड़ी नजर आ रही है, गनीमत रही कि इसमें कोई सवार नहीं था। उधर, चम्बा जिला के विकास खंड सलूणी के तहत खड़कोटा में एक मकान की छत आंधी से उड़ गई।

5 जून तक खराब रहेगा माैसम

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को चार जिलों कांगड़ा, चम्बा, मंडी व कुल्लू, रविवार को तीन जिलों सोलन, सिरमौर व शिमला में कहीं-कहीं भारी बारिश, बिजली के साथ तूफान, 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 3 जून तक अन्य जिलों में यैलो अलर्ट रहेगा।

4 व 5 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *