आधा फीट बर्फ में 28 किमी पैदल चल चुनावी ड्यूटी देने पहुंचा बोर्ड कर्मी

चुनाव ड्यूटी के लिए एक कर्मचारी बर्फ के बीच 28 किलोमीटर पैदल चलकर ज़िला चंबा के किलाड़ मुख्यालय पहुंचा। मान सिंह बिजली बोर्ड पुर्थी में सेक्शन में कार्यरत हैं। उनकी चुनाव ड्यूटी किलाड़ मुख्यालय में लगी है।

शुक्रवार तड़के वह अपने क्वार्टर से किलाड़ के लिए निकले। करीब आधा फीट बर्फ में 28 किलोमीटर पैदल चलने के बाद किलाड़ पहुंचे। रास्ते में कई प्रकार की रुकावटें भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। चुनाव के दौरान किलाड़ मुख्यालय में बिजली की समस्या से निपटने के लिए उनकी ड्यूटी लगी है।

उनके साथ अन्य कर्मचारी भी तैनात किए गए हैं। वीरवार को उन्हें पुर्थी में ड्यूटी को लेकर आदेश मिले थे। आदेश मिलने पर शुक्रवार तड़के वह तीन घंटे की पैदल यात्रा कर किलाड़ पहुंचे।

वहीं जिला कुल्लू के अति दुर्गम तीन पोलिंग स्टेशन में पहुंचने के लिए पोलिंग पार्टियों को पैदल सफर करना पड़ा। जिले के सबसे दूरस्थ पोलिंग स्टेशन शाक्टी तक पहुंचने के लिए सात सदस्यीय टीम को छह घंटे लगे। टीम को करीब 20 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ी।

इन पोलिंग पार्टियों को जंगल के रास्तों और नालों को पार कर ड्यूटी पर पहुंचना पड़ा। शाक्टी पोलिंग बूथ में शाक्टी गांव के साथ मरौड़ व शुगाड़ गांव के 96 मतदाता वोट डालेंगे। इस बार यहां 12 वोटर बढ़े हैं। 2017 के विस चुनाव में यहां 84 मतदाता थे।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *