कैंपस प्लेसमेंट: नौकरी चाहिए तो 9 जुलाई को पहुंचे आईटीआई मंडी
मंडी : तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से 9 जुलाई को संस्थान परिसर में एक विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है।
यह भर्ती अभियान महिंद्रा समूह के प्रतिष्ठित उपक्रम एमएचआरआईएल रिसॉर्ट्स (क्लब महिंद्रा) के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिससे निजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी में युवाओं को करियर शुरू करने का मौका मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्लेसमेंट ड्राइव में हॉस्पिटैलिटी और तकनीकी दोनों क्षेत्रों के प्रशिक्षुओं की भर्ती की जाएगी।
इसके तहत फ्रंट ऑफिस, फूड प्रोडक्शन, फूड एंड बेवरेज सर्विस, हाउसकीपिंग, स्पा थेरेपिस्ट (ब्यूटी एंड वेलनेस) के साथ-साथ रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग (आरएसी), इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर ट्रेड के उत्तीर्ण युवा भाग ले सकेंगे।
प्लेसमेंट प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों के लिए विभाग द्वारा निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से पूर्व पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक व तकनीकी प्रमाण-पत्र, अपडेटेड बायोडाटा तथा नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ समय पर संस्थान पहुंचना होगा।





