पालमपुर में बाढ़ ने तबाह किया सौरभ वन विहार

पालमपुर: बादल फटने के पश्चात विकराल हुई न्यूगल खड्ड ने सौरभ वन विहार को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है। न्यूगल में बाढ़ आने के बाद न्यूगल खड्ड ने सौरभ वन विहार केे समीप रुख बदला तथा सीधे जलप्रवाह सौरभ वन विहार की ओर बहने लगा।

पूरा वन विहार आया चपेट में

ऐसे में सौरभ वन विहार के मुख्यद्वार से लेकर एक्वेरियम, रॉक गार्डन तथा कृत्रिम झील बाढ़ के पानी की चपेट में आ गई। मुख्यद्वार तथा कंडी पुल से मुख्यद्वार को जाने वाली सड़क पूरी तरह से पानी में बह गए।

दो वन कर्मी फंसे

बाढ़ का पानी अंदर घुसने के कारण वन विहार में तैनात दो वन कर्मी अंदर फंस गए। इन दोनों ने पानी का स्तर बढऩे पर ऊंचे पत्थर पर रात बिताई। वन विहार के बाहर खड़ी एक कार भी पानी के बहाव में बह गई। दोनों कर्मचारियों को सोमवार प्रात: रैस्क्यू किया गया।

रविवार को फटा था बादल

विदित रहे कि रविवार देर सायं ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने की घटना घटी थी। जिसके पश्चात न्यूगल खड्ड में जलस्तर बढ़ गया। बाढ़ से पावर प्रोजैक्ट की वीयरसाइट, आपूर्ति लाइने के अतिरिक्त पेयजल स्रोत भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं ऐसे में कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप होकर रह गई है।

5 करोड़ की हुई हानि

वन मंडल अधिकारी बी.एस. यादव ने बताया कि वन विहार में पानी घुसने के कारण लगभग 5 करोड़ की हानि आंकी गई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

न्युग्ल नदी ने बदला अपना प्रवाह

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर वर्तमान में सौरभ वन विहार बना हुआ है, कभी न्यूगल खड्ड उसी स्थान से होकर बहा करती थी। न्यूगल द्वारा वर्षों पूर्व अपना धारा प्रवाह बदल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यूगल कुछ कुछ वर्षके बाद अपना रुख  बदलती रहती है, ऐसे में बादल फटने की घटना के पश्चात न्यूगल ने रविवार रात्रि को अपना रुख पुन: बदला जिस कारण करोड़ों की लागत से बना सौरभ वन विहार पूरी तरह से तबाह हो गया।

लोगों में दहशत

रात्रि को न्यूगल का जलस्तर कहीं अधिक बढ़ गया। ऐसे में स्थानीय लोग भी सकते में थे। स्थानीय लोगों हिरदू राम, राकेश कुमार व सचिन आदि ने बताया कि पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर बहने से जोरदार आवाज हो रही थी। जिस कारण किसी अनहोनी के कारण लोग दहशत में आ गए।

राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी

ऊपरी क्षेत्र में बादल फटने की घटना के पश्चात राजस्व विभाग की टीम भेजी गई। उक्त स्थान पर हानि नहीं हुई है। बादल फटने के कारण न्यूगल खड्ड का जलस्तर बढ़ गया जिस कारण सौरभ वन विहार में पानी घुस गया। संजय कुमार उपमंडलाधिकारी (ना.)पालमपुर/ धीरा
होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *