पालमपुर के डाढ़ गाँव में बनेगा प्रथम परमवीर चक्र विजेता का स्मारक

पालमपुर : देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा के नाम पर स्मारक का निर्माण किया जाएगा। मेजर सोमनाथ शर्मा के पैतृक गांव डाढ़ पालमपुर जिला काँगड़ा में उनके नाम पर स्मारक के साथ वन विहार भी स्थापित किया जाएगा।

प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा

सांसद किशन कपूर ने कहा कि इसके लिए उन्होंने 50 लाख रुपए की राशि जारी कर दी है। शहीद के नाम पर स्मारक और वन विहार की स्थापना वन विभाग के तत्त्वावधान में की जाएगी।

बुधवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में सांसद किशन कपूर ने आशा व्यक्त की कि वन विभाग के तत्त्वावधान में जब यह परियोजना तैयार हो जाएगी, तो जिला कांगड़ा में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

श्री कपूर ने हैरानी जताते हुए कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा के पैतृक गांव डाढ़ में उनकी स्मृति को बनाए रखने के लिए इतने वर्षों में कुछ भी नहीं किया गया, इस चूक के लिए इतिहास शायद ही वर्तमान पीढ़ी को माफ करे।

सांसद किशन कपूर ने कहा कि देश के दो महान सपूतों मेजर सोमनाथ शर्मा और महमूद मकबूल शेरवानी ने श्रीनगर एयरपोर्ट को कबायलियों से न बचाया होता, तो आज कश्मीर भारत का मुकुट न होता।

श्री कपूर ने कहा कि 22 अक्तूबर, 1947 को पाकिस्तान की सेना ने कबायलियों का रूप बदलकर कश्मीर पर हमला किया। महाराजा हरि सिंह द्वारा भारत सरकार से मदद के आग्रह पर कुमाउं बटालियन का एक दस्ता मेजर सोमनाथ के नेतृत्व में श्रीनगर एयरपोर्ट को बचाने के लिए भेजा गया।

एक तरफ दुश्मन के हजारों सैनिक थे, दूसरी ओर भारत के 50 बहादुर सैनिक। जीत भारत की हुई, लेकिन तीन नवंबर, 1947 की रात कबायलियों को रोकने की कोशिश में मेजर सोमनाथ शर्मा शहीद हो गए।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *