मंडी-पंडोह फोरलेन कटिंग के लिए अब रात में साढ़े 3 घंटे रोका जाएगा यातायात

चंडीगढ़-मनाली फोरलेन में मंडी से पंडोह के बीच फोरलेन कटिंग, मलबा व चट्टानें हटाने के कार्य के लिए लगाए जा रहे यातायात ब्लॉकेज के समय में बदलाव कर प्रशासन ने पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है।

अब दिन की बजाय रात को साढ़े 3 घंटे यातायात रोका जाएगा। इसके अलावा सप्ताह में 3 दिन एक घंटे के लिए दिन के समय ट्रैफिक रोका जाएगा।

ये निर्णय जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक ब्लाॅकेज से संबंधित बैठक में लिए गए। बैठक में दिन के समय लगाए जा रहे 2-2 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉकेज से लोगों को आ रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिए गए।

हर रोज 2 शिफ्टों में लगाए जाने वाले ट्रैफिक ब्लाॅकेज की जगह अब मध्यरात्रि साढ़े 12 से प्रातः 4 बजे तक ट्रैफिक ब्लाॅकेज लगाया जाएगा।

इसके अलावा ब्लास्टिंग के लिए सप्ताह में 3 दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को दिन में साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक 1 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉकेज दिया जाएगा।

बता दें कि मंडी से पंडोह के बीच पूर्व में दिन में 2-2 घंटों के लिए 2 शिफ्टों में यातायात रोका जा रहा था। इससे स्थानीय लोगों समेत अन्य को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

लोगाें की मांग को देखते हुए अब प्रशासन ने इसमें बदलाव कर दिया है। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ रही गर्मी के चलते भी सैलानी पहाड़ का रुख कर रहे हैं, ऐसे में यातायात सुचारू रखने का प्रयास प्रशासन कर रहा है।

नगर निगम की डंपिंग साइट के समीप बिंद्रावणी में फोरलेन कटिंग कार्य चला हुआ है जबकि 9 मील व 6 मील में बरसात के दौरान गिरे मलबे व चट्टानें हटाने का कार्य चला हुआ है।

उधर, एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि मंडी से पंडोह के बीच यातायात रोकने के लिए समय में बदलाव किया गया है। इससे स्थानीय लोगों समेत अन्य को राहत मिलेगी।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।