चंडीगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित हुए जोगिन्दरनगर के ज्योतिषी

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर स्थित श्री शारदा ज्योतिष निकेतन के निदेशक एवं प्रख्यात हस्तरेखा विशेषज्ञ कैप्टन पंडित लेखराज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-24 स्थित होटल पार्क व्यू में “ऊर्जा ज्योतिष प्रांगण सम्मान समारोह-2026” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया।

चंडीगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित हुए जोगिन्दरनगर के ज्योतिषी

इस प्रतिष्ठित समारोह में उन्होंने मुख्य संरक्षक के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुलाब चंद कटारिया उपस्थित रहे। उनके गरिमामयी व्यक्तित्व एवं सरल, शालीन स्वभाव का प्रभाव पूरे सभागार में देखने को मिला।

कार्यक्रम में देशभर से ज्योतिष एवं आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े विद्वान, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन ज्ञान, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच बन गया।

कार्यक्रम का संचालन ज्योतिष प्रांगण की अध्यक्ष पूनम शर्मा एवं उनके संगठन के कुशल नेतृत्व में किया गया। उनके मार्गदर्शन में समारोह सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।

समारोह के दौरान कैप्टन पंडित लेखराज शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने ज्योतिष विद्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे “राज विद्या” की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि ज्योतिष एक अत्यंत प्राचीन, वैज्ञानिक एवं पवित्र विद्या है, जिसका उद्देश्य समाज को सही दिशा देना है।

उन्होंने ज्योतिषाचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि इस विद्या का दुरुपयोग किसी भी परिस्थिति में नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका प्रयोग जनकल्याण एवं उचित मार्गदर्शन के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा— “यह राज विद्या है, कोई ठग विद्या नहीं”, इसलिए इसकी गरिमा बनाए रखना सभी का कर्तव्य है।इस सम्मान समारोह के दौरान जोगिन्दरनगर के श्री शारदा ज्योतिष निकेतन से जुड़ी ज्योतिषविद विभा शर्मा एवं शीतल शर्मा को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि से जोगिंद्रनगर क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। कैप्टन पंडित लेखराज शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन ज्योतिष एवं आध्यात्मिक क्षेत्र के उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा नई पीढ़ी को इस विद्या के प्रति प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से ज्योतिष को सही दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *