बर्फबारी से मनाली-केलांग मार्ग हुआ बंद

मनाली : प्रदेश में एक बार मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है. ऊंची चोटियों में हिमपात हो रहा है वहीँ कई जगह बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. रोहतांग दर्रे में सुबह से हो रही बर्फबारी के चलते मनाली – केलांग सड़क मार्ग बंद हो गया है. कुल्लू से लाहौल जा रही एच.आर.टी.सी. की बस मनाली से वापस लौट गई। एच.आर.टी.सी. ने सफल ट्रायल करने के बाद आज से ही लाहौल घाटी के लिए बस सेवा शुरू की थी।

सवारियों सहित वापिस लौटी बस

कुल्लू से 37 सवारियों के साथ बस लाहौल रवाना कर दी थी लेकिन बर्फबारी ने पहले दिन ही एच.आर.टी.सी. की परेशानियों को बढ़ा दिया। बी.आर.ओ. द्वारा रोहतांग दर्रा बहाल करने के बाद लाहौल के लोगों को राहत मिल गई थी लेकिन बुधवार को बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया।

वाहनों की थमी आवाजाही

बर्फबारी होने से रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही थम गई है। सुबह से हो रही बर्फबारी से कोई भी वाहन दर्रा आर-पार नहीं कर पाया है। वन-वे होने के कारण बुधवार को वाहनों का काफिला मनाली से लाहौल जाना था लेकिन अब ये वाहन वीरवार को लाहौल का रुख करेंगे। वहीं एच.आर.टी.सी. केलांग डिपो के आर.एम. मंगल चंद मनेपा ने बताया कि मौसम खुलने के बाद ही रोहतांग दर्रे के हालात को देखने के बाद बस सेवा शुरू की जाएगी।

मार्ग बहाली हुई प्रभावित

बर्फबारी होने से मनाली-लेह मार्ग की बहाली भी प्रभावित हुई है। बी.आर.ओ. 70 आर.सी.सी. ने रोहतांग को बहाल करने के बाद लेह मार्ग बहाली को गति दे दी है। बी.आर.ओ. के डोजर दारचा के पटसेउ से आगे निकल गए हैं। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल अरविंद कुमार अवस्थी का कहना है कि रोहतांग दर्रे सहित लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे में भी भारी हिमपात हुआ है, जिससे बी.आर.ओ. की मार्ग बहाली प्रभावित हुई है।