धूमधाम से सम्पन्न हुआ अंतराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा धूमधाम से सम्पन्न हो गया। उत्सव के समापन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने की।

उत्सव में आने वाले सभी देवी-देवताओं की नजराना राशि में 5 प्रतिशत की बढ़ौतरी की गई है। देवी-देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों के मानदेय को 10 फीसदी बढ़ाया गया है।

उत्सव के समापन मौके पर सोमवार को मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने यह ऐलान किया। मुख्य संसदीय सचिव सुंदर ठाकुर ने उनके समक्ष लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में यह मांग रखी जिसे उन्होंने पूरा किया।

अन्य मांगों को भी उन्होंने पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस बढ़ौतरी के साथ अन्य सभी मांगें पूरी करने को कहा है।

उन्होंने आपदा का भी जिक्र किया और कहा कि देश के लोग कह रहे थे कि कुल्लू-मनाली में तो आपदा से हालात खराब हैं, ऐसे उत्सव कैसे मनाया जाएगा।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू के लोगों ने उस त्रासदी के दौर से उबर कर उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया। इससे पूर्व सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना काल के दौरान देवी-देवताओं के उत्सव में बुलाया गया लेकिन भाजपा सरकार ने बाद में यह कहा था कि उत्सव में कारोबार नहीं हुआ, इसलिए देवी-देवताओं के नजराना नहीं मिलेगा।

यह कोई दुकान नहीं है कि बिक्री नहीं हुई और नजराना नहीं दिया जाएगा। यह देवी-देवताओं के लिए एक सम्मान है। इस बार भी कारदार संघ ने कहा था कि त्रासदी के इस दौर में नजराना राशि में वृद्धि न की जाए।

फिर भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार देवी-देवताओं को नजराना भी देगी और इस राशि में बढ़ौतरी भी होगी।

इस मौके पर कलाकेंद्र में सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक भुवनेश्वर गौड़, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सेस राम आजाद, पूर्व मंत्री खीमी राम, रोहित वत्स धामी, डीसी आशुतोष गर्ग व एसपी साक्षी वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कलाकेंद्र में विभिन्न इलाकों से आए महिला मंडलों की हजारों महिलाएं, विदेशों से आए कलाकार व बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।