हिमाचल में चार दिन बारिश की संभावना

हिमाचल प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मंगलवार 12 अप्रैल से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। 15 अप्रैल तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। इस दौरान कई क्षेत्रों में अंधड़ चलने का अलर्ट भी जारी हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 12 से 15 अप्रैल तक बारिश के साथ कई जगह अंधड़ चलने के आसार हैं। वहीं, निचले व मैदानी भागों में 12 से 14 अप्रैल तक बारिश की संभावना है। इस दौरान इन भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

अधिकतम व न्यूनतम तापमान
सोमवार को शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 39.9, बिलासपुर 37.0, हमीरपुर 36.8, कांगड़ा 36.7, सुंदरनगर 36.3, भुंतर 35.0, सोलन-चंबा 34.8, नाहन 34.7, धर्मशाला 34.0, शिमला 27.2, डलहौजी 25.0, कल्पा 24.6 और केलांग में 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रविवार रात को नाहन में इस सीजन का सबसे अधिक 25.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा धर्मशाला में 20.2, बिलासपुर 18.0, कांगड़ा-डलहौजी 17.6, शिमला 17.5, ऊना 17.4, मंडी 14.9, हमीरपुर 14.2, सोलन 13.7, चंबा 13.3, सुंदरनगर 13.2, भुंतर 11.2, मनाली 9.4, कल्पा 8.4 और केलांग में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

केलांग में दस वर्ष बाद टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
देश और प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच जनजातीय शीत क्षेत्र केलांग में अधिकतम तापमान ने बीते 10 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दस अप्रैल को केलांग में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले वर्ष 2012 में 20 अप्रैल को 19.6 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ था। बढ़ती गर्मी से सूबे के पहाड़ी क्षेत्रों में भी पसीना छूटना शुरू हो गया है।