एंटी चिट्टा अभियान बने जन आंदोलन : एसपी

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार की अध्यक्षता में चौंतड़ा विकास खंड के नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना तथा पंचायत स्तर पर नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में लगभग 150 पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप-मंडल पुलिस अधिकारी पधर, थाना प्रभारी जोगिन्दरनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि चिट्टा और अन्य मादक पदार्थ आज युवाओं एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि एंटी चिट्टा अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने तथा युवाओं को खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया।

थाना प्रभारी जोगिन्दरनगर निरीक्षक सकिनी कपूर ने कहा कि जोगिन्दरनगर क्षेत्र को एंटी चिट्टा अभियान में प्रदेश का अग्रणी क्षेत्र बनाना लक्ष्य है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पुलिस के साथ मिलकर इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें तथा प्रत्येक पंचायत में नशे के विरुद्ध सतत जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *