मंडी संसदीय क्षेत्र से जीती प्रतिभा सिंह

हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और लोकसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनावों के परिणाम घोषित होने शुरू हो गए हैं।  प्रदेश की मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह 8766 वोटों से चुनाव जीत गई हैं।  उन्होंने 365650 हासिल किए।

जबकि भाजपा प्रत्याशी कुशाल सिंह ठाकुर को 356884 वोट मिले। उपचुनाव में कुल 742771 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से 12626 ने नोटा दबाया। अभी इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। उधर, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मार ली है। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर की जीत गए हैं। इसी तरह अर्की विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी और फतेहपुर सीट से कांग्रेस के ही भवानी सिंह पठानिया आगे चल रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की तीन और लोकसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतगणना पूरी होने के बाद किसी तरह के विजय जुलूस को निकालने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा परिणाम आने के बाद रिटर्निंग अधिकारी से चुनाव प्रमाण पत्र लेने के समय भी विजयी प्रत्याशी के साथ सिर्फ दो अन्य लोग ही मौजूद रह सकेंगे। आयोग के आदेश के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासू ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं कि वह आयोग के इस निर्देश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

इसके अलावा कोविड दिशा-निर्देशों का भी सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। बता दें कि आमतौर पर चुनावी नतीजे आने के बाद विजय जुलूस निकालने की परंपरा रही है, लेकिन कोविड की वजह से आयोग ने इस परंपरा को रोकने के लिए सख्त रुख अपनाया है। उधर, विजेता प्रत्याशी को चुनाव परिणाम आने के साथ ही सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी और उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *