मजबूत हिमाचल सरकार पूरा करेगी कार्यकाल : प्रतिभा सिंह

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के परिणामों से भाजपा को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है। उनका 400 पार का नारा देश के लोगों ने पूरी तरह ठुकरा दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह

उन्होंने कहा है कि प्रदेश में लोकसभा की चारों सीटों पर भले ही कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है पर विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस को छह में से चार सीटों पर जीत हासिल हुई है।

इससे साफ है कि प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि है और कांग्रेस इसका पूरा सम्मान करती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत में है और पूरी मजबूती के साथ अपना कार्यकाल पूरा करेगी। प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के उस बयान को पूरी तरह हास्यास्पद बताया है।

इसमें वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से त्यागपत्र की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा है कि प्रदेश के लोगों ने दलबदल और धनबल को पूरी तरह ठुकरा दिया है।

प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से न तो निराश होने और न ही अपने मनोबल में कोई भी कमी न लाने का आह्वान करते हुए कहा है कि उन्हें आगामी 3 विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत के लिए अभी से कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और उन्हें पूरे उत्साह के साथ प्रदेश कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय नीतियों व जनहित के निर्णयों के साथ लोगों के बीच जाना है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।