गलतफहमी में न रहें जयराम, हारते देखे हैं कई सीएम: ठाकुर कौल सिंह

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ने चेताया है कि जयराम ठाकुर को किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई सीएम चुनाव हारते देखे हैं। कौल सिंह रविवार को सामुदायिक भवन पधर के खेल मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कौल सिंह ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की दलदल में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों सहित युवा वर्ग भी हताश है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कर्ज के बोझ में दब गया है। बावजूद इसके जयराम सरकार ने फिजूलखर्ची की सारी हदें पार कर दी हैं।

कौल सिंह के अनुसार करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर खर्चे जा रहे हैं। साथ ही बड़े-बड़े विज्ञापन होर्डिंग्स लगाकर सरकारी धन की बर्बादी की जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत सबसे बड़ा घोटाला सरकार के इस कार्यकाल में हुआ है।

कौल सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही इसकी जांच करवाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ी है। प्रदेश में वर्तमान में डेढ़ लाख से अधिक पद विभिन्न विभागों में रिक्त हैं।

कौल सिंह ने कहा कि डीए और अन्य भत्ते देना तो दूर, कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े हैं। चुनावों के समय में लोगों को गुमराह करने के लिए झूठी घोषणाएं सरकार कर रही है। कौल सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह के बाद वह प्रदेश में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। पार्टी के सभी पदों पर विराजमान अन्य नेताओं का मान-सम्मान करते हैं। पार्टी पूरी तरह एकजुट है। कहा कि द्रंग की जनता ने उन्हें आठ बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है।

भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू: प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव करीब आते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर रोज करोड़ों की घोषणाएं कर रहे हैं। कहा कि एक तरफ  सरकार अपने दैनिक खर्चे चलाने के लिए ऋण ले रही है, दूसरी ओर मुख्यमंत्री बिना बजट के घोषणाएं कर रहे हैं। प्रदेश 70 हजार करोड़ के कर्ज में डूबा हुआ है। मुख्यमंत्री सरकारी तंत्र और धन का दुरुपयोग कर चुनावी रैलियों में मस्त हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने जारी बयान में हैरानी जताई कि मुख्यमंत्री आए दिन मंत्रिमंडल की बैठकों में बिना बजट प्रावधान बड़े-बड़े फैसले ले रहे हैं। प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। बढ़ते कर्ज में राहत के लिए एक भी पैसे की मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने शंका जताई है कि उन्हें लगता है कि मुख्यमंत्री यह सब घोषणाएं एक रुपये के टोकन मनी में कर रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को गुमराह नहीं कर सकते।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *