ऊंची चोटियों पर गिरे बर्फ के फाहे

हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। गुरुवार दोपहर को मनाली में जमकर बारिश हुई। लगभग एक घंटा हुई बारिश से बगीचे और खेत तर हो गए हैं। बारिश से एक बार फिर किसानों और बागवानों को राहत मिली है।

वहीं रोहतांग दर्रा, सेवन सिस्टर पीक, घेपन पीक आदि में बर्फ के फाहे गिरे हैं। इससे मनाली का मौसम ठंडा हो गया है। गुरुवार को मनाली में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बागवानों का कहना है कि बारिश से सेब की फसल को संजीवनी मिली है।

इससे फल का आकार बढ़ेगा। बागवान प्रेम शर्मा, रोशन ठाकुर, राजीव कुमार ने बताया कि सेब के आकार के लिए बारिश बेहद फायदेमंद है। सेब के नए बगीचों में बारिश टॉनिक का काम करेगी।

उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में दो मई तक बारिश का पूर्वानुमान है।

मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में  मौसम साफ रहेगा। धूप खिलने से तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *