पंडित राम स्वरूप शर्मा की अंतिम यात्रा में उमड़ा जन-सैलाब, मुख्यमंत्री ने दिया सीबीआई जाँच का आश्वासन

दिवंगत सांसद और लोकप्रिय नेता पंडित राम स्वरूप शर्मा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। श्री शर्मा के अंतिम संस्कार पर जन सैलाब उमड़ पड़ा।

उनका का अंतिम संस्कार जोगिन्दर नगर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मच्छ्याल के शमशान घाट में किया गया। राम स्वरूप शर्मा के ज्येष्ठ पुत्र शांति स्वरूप शर्मा ने श्री शर्मा के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

इस अवसर पर उपस्थित हज़ारों लोगों ने नम आँखों से अपने लोकप्रिय नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा की श्री राम स्वरूप शर्मा की एक विशिष्ट कार्य शैली थी और प्रदेश सरकार उनके सपनों को साकार करने में प्रयत्न-शील रहेगी। उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में सांसद शर्मा की मौत हुई उस बारे में दिल्ली में मामला दर्ज है और जाँच की जा रही है।

सीबीआई जाँच करवाने के बारे में पूछे गये सवाल पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वे इस बारे में परिवार के सदस्यों से बात करेंगे और यदि वे सहमति जताते हैं तो इस पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के लिए यह एक बहुत बड़ी क्षति है और वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दुःख की इस घड़ी में परिवार को इससे उबरने की शक्ति दे।

मुख्यमंत्री, स्थानीय विधायक और कई अन्य नेता श्री शर्मा के परिवार के सदस्यों के साथ संवेदना व्यक्त करने के लिए श्री शर्मा के पैतृक गांव जलपेहड़ भी गये। उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजिंदर गर्ग, सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद किशन कपूर, विधायक विनोद कुमार, हीरा लाल और राज्य वित्त आयोग के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

इस अवसर पर मौजूद स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को दुःख सहने की शक्ति दे।

वहीं, द्रंग के भाजपा विधायक जवाहर सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए यह एक बहुत बड़ी क्षति है और इसकी भरपाई करना बहुत कठिन है। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा हर किसी के साथ बहुत अच्छे से पेश आते थे और ध्यान से सबकी बात सुनते थे। उन्होंने श्री शर्मा के पदचिन्हों पर चल कर पार्टी हित में काम करने की भी बात की।

सांसद पंडित रामस्वरूप शर्मा का दिल्ली में निधन

श्री राम स्वरूप शर्मा एक समर्पित और प्रतिबद्ध नेता थे: नरेंद्र मोदी

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।