जिला मंडी में स्थित प्रसिद्ध कमरुनाग मंदिर में लंबे समय तक गूर की गद्दी पर बैठे रहे देवी सिंह को गुरुवार के दिन गूर पद से हटा दिया गया। अब गोत गांव के 40 वर्षीय बोधराज ठाकुर को मंडी जनपद के बड़ा देव का पुजारी नियुक्त किया गया है।

वर्तमान और पूर्व में रहे करीब आधा दर्जन गूरों सहित सैकड़ों लोगों ने वर्तमान गूर देवी सिंह ठाकुर से देवता और करोड़ों की संपत्ति लेकर नवनियुक्त पुजारी बोधराज को सौंप दिए। बोधराज ने गुरुवार को पुजारी का पदभार संभालने के बाद कमरूनाग से जल्द बारिश की गुहार लगाई है।
कमरूनाग के वर्तमान कटवाल चेतराम ठाकुर ने बताया कि यदि आठ दिनों के भीतर क्षेत्र में पर्याप्त बारिश हो जाती है, तो पुजारी बोधराज को गुर की गद्दी पर विराजमान कर दिया जाएगा।
बता दें इससे पूर्व करीब डेढ़ दशक पहले भी कमरूनाग अपने वर्तमान तथा पूर्व में रहे गूरों के व्यवहार से रुष्ठ हो गए थे। उस समय भी लोगों को लंबे समय तक भयंकर सूखे से निपटना पड़ा था।
उस समय भी देवता और उनकी तमाम संपत्ति को गूर से वापस लिया गया था। लगभग डेढ़ दशक बाद अब फिर से कमरूनाग का वर्तमान गूर से रुष्ठ होना जगजाहिर हुआ है।
लिहाजा अब इससे देवता और करोड़ों की संपत्ति वापस लेकर नवनियुक्त पुजारी बोधराज को सौंप दी गई है, जिसका देवता की समूची हार ने स्वागत किया है।
दो महीने तक चलती रही परता प्रक्रिया, नतीजा शून्य
वर्तमान गूर देवी सिंह द्वारा पिछले दो महीनों से कमरूनाग के समक्ष लगाई जा रही बारिश की गुहार पर देवता की नाराजगी बरकरार रही।
परता बार-बार फेल होने के बाद भी देवी सिंह न तो देवता सौंपने को तैयार हुए और न ही तो इनका परता साकार हो पाया। परिणाम शून्य रहने पर लोगों ने आक्रामक अपनाया।






























