प्रदेश में सभी सीटों पर लड़ेगी आम आदमी पार्टी

शिमला : आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में जीत के बाद हिमाचल की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को राजधानी शिमला में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता सतेंद्र जैन पहुंचे। यहां उन्होंने दावा किया कि आप हिमाचल में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

उन्होंने साथ ही कहा कि हिमाचल में आप का मुकाबला भाजपा से होगा, कांग्रेस से आप को कोई चुनौती नहीं है। आप नेताओं ने खलीनी स्थित कार्यालय से शिमला शहर में शनिवार को पद यात्रा निकाली। आम आदमी पार्टी की शांतिपूर्ण पद यात्रा पार्टी कार्यालय खलीनी से शुरू होकर टॉलैंड, बेमलोई, पंचायत भवन से होते हुए सीटीओ पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि आप हिमाचल में भी शिक्षा और स्वास्थ्य को मुफ्त करेगी।

शिमला नगर निगम चुनाव भी लड़ेगी और इससे पहले भी निगम चुनाव लड़ा है। आप नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम जनता का सहयोग मिला है। इससे आप का उत्साह बढ़ा है। अब आप हिमाचल की सभी 68 विधानसभा सीटों में चुनाव लड़ेगी।

सतेंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आप की सरकार बनने पर दिल्ली का मॉडल उतारा जाएगा और कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन भी बहाल करेंगे। सतेंद्र जैन ने कहा कि आप भाजपा को हराने का मूल मंत्र जानती है। आप से प्रदेश के डाक्टर और पढ़े-लिखे लोग जुड़ रहे हैं।

श्री जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के बाद हिमाचल प्रदेश में भी आएंगे। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार जैसे मुख्य मुद्दों को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पदयात्रा में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन और रत्नेश गुप्ता प्रभारी हिमाचल प्रदेश, अधिवक्ता अनूप केसरी प्रदेशाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश, सचिन राय आब्जर्वर, मीडिया प्रभारी नम्रता नारायण, इक्बाल सिंह और सतीश ठाकुर सहित करीब एक हजार कार्यकर्ताओं भाग लिया।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।