पुलिस के 1226 और जूनियर क्लर्क के भरे जाएँगे 265 पद

शिमला : हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल के 1226 पदों के लिए होने वाली भर्ती शीघ्र शुरू हो सकती है। लोकसेवा आयोग ने गृह विभाग से कुछ और डाटा मांगा है। इसके अलावा हिमाचल राज्य सहकारी बैंक के मुख्य कार्यालय के लिए 265 क्लर्क स्टाफ के लिए सीधी भर्ती करवाई जानी है।

साथ ही कुछ प्रश्नों का समाधान ढूंढने की भी कोशिश की है। इस बार पुलिस मुख्यालय द्वारा खुद भर्ती न करने के फैसले के बाद गृह विभाग ने इस भर्ती को लोकसेवा आयोग से करवाने का फैसला किया है।

ये पद क्लास थ्री के हैं, लेकिन राज्य चयन आयोग के पूरी तरह फंक्शनल न होने के कारण शायद ऐसा करना पड़ा, लेकिन अब इस रिक्विजिशन में कुछ कमियों के कारण लोकसेवा आयोग ने इसे अपने एडमिनिस्ट्रेटिव डिपार्टमेंट कार्मिक विभाग के मार्फत वापस भेजा है।

लोकसेवा आयोग ने यह भी कहा है कि इस पुलिस भर्ती के लिए रूल्स बनाती बार गृह विभाग ने आयोग को कंसल्ट करना चाहिए था।

साथ ही ऑनलाइन एग्जाम करवाने में भी कुछ मुश्किलें जाहिर करते हुए कहा है कि इसके लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर मौजूद नहीं है। फिजिकल टेस्ट करवाने को लेकर लोकसेवा आयोग ने तर्क दिया है कि उनके मेंबर इस तरह के टेस्ट नहीं करवाते।

लोकसेवा आयोग ने कम स्टाफ होने का भी इसका एक कारण बताया है। आयोग की तरफ से यह भी कहा गया है कि भेजे गए प्रस्ताव में अप्वाइंटिंग अथॉरिटी को पहले डिस्ट्रिक्ट वाइज रिक्विजिशन सबमिट करनी होगी।

यानी हिमाचल पुलिस को पहले यह बताना होगा कि किस जिला में कितने पद भरने हैं। इस प्रस्ताव में स्पोट्र्स पर्सन का कोटा भी नहीं बताया गया है।

हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल के 1226 पद भरने के लिए पहली बार नए नियमों का ड्राफ्ट जनवरी के पहले सप्ताह में जारी हुआ था, जिस पर लोगों से आपत्तियां मांगी गई थीं।

फिर इसे फाइनल किया गया, जिसमें महिलाओं के लिए पहली बार 30 फ़ीसदी आरक्षण का भी प्रावधान किया गया।

पिछली बार पुलिस भर्ती खुद पीएचक्यू ने की थी, लेकिन पेपर लीक के बाद यह मामला सीबीआई तक पहुंच गया था। हालांकि अभी तक इसमें किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई है।

इसके बाद इस बार पुलिस मुख्यालय ने खुद पुलिस भर्ती नहीं की। यही वजह है कि नई एजेंसी के तौर पर लोकसेवा आयोग को यह भर्ती दी जा रही है।

अब आयोग की तरफ से लगाई गई आपत्तियों को कार्मिक विभाग ने बुधवार को ही गृह विभाग को भेज दिया है।

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के मुख्य कार्यालय के लिए 265 क्लर्क स्टाफ के लिए सीधी भर्ती करवाई जानी है। साथ ही बैंक के 209 कर्मचारियों को पदोन्नति भी दी जाएगी।

इसको लेकर बैंक के अध्यक्ष देविंद्र श्याम ने बैंक के निदेशक मंडल की बैठक ली।

उन्होंने कहा कि बैंक में प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 265 जूनियर क्लर्क की सीधी भर्ती की जाएगी।

निदेशक मंडल ने हाल ही में आरबीआई द्वारा अनुमोदित 22 नई शाखाओं को इसी वित्त वर्ष 2023-24 में सुचारू रूप से शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है।

इसके अतिरिक्त निदेशक मंडल ने बैंक कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों के 209 कर्मचारियों और अधिकारियों को पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।

साथ ही बैंक में कार्यरत 178 दैनिक भोगी कर्मचारियों को वांछनीय सेवाकाल पूर्ण करने उपरांत उनकी सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया है।

देविंद्र श्याम ने बताया कि बैंक हमेशा अपने कर्मचारियों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करता आ रहा है। वह उनकी सेवा नियमों से जुड़े सभी मामलों में अभिलंब निर्णय लेकर उन्हें लाभान्वित कर रहा है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *