होम

हिमाचल की पुरुष कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

हरियाणा के पंचकूला में चल रही खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल प्रदेश की पुरुष कबड्डी ने इतिहास रच दिया है। टीम ने स्वर्ण पदक हिमाचल की झोली में डाला है। फाइनल में हिमाचल ने हरियाणा को संघर्षपूर्ण रहे मुकाबले में टाईब्रेकर में हराया। अंतिम समय तक स्कोर 34-34 रहा। इसके बाद टाईब्रेकर करवाया गया।

स्वर्ण विजेता पुरुष कबड्डी टीम

इसमें हिमाचल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही इस प्रतियोगिता में हिमाचल ने मेडल का खाता भी खोल दिया है। यह पहली बार है जब पुरुष टीम ने किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। टीम ने प्रतियोगिता की शुरूआत से दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।

हरियाणा के साथ मुकाबला रोमांचक रहा। दोनों टीमें अंत समय तक बराबरी पर रही। हिमाचल की टीम की ओर से शिवांश ने बेहतरीन खेल दिखाया। इसके अलावा खेमेंद्र सिंह, प्रियांक चंदेल, कुनाल मेहता, लवप्रीत सिंह, विक्रम सिंह, पीयूष कौशिक, रमन सिंह, रजत चौधरी, जतिन राणा, अनुज राणा, हिमांशु बाचटा ने दमदार खेल दिखाया।
टीम के कोच संजीव कुमार के मार्गदर्शन में खेलते हुए टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। टीम के जीतने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकूला में सदस्यों के साथ मुलाकात की और जीत पर बधाई दी। खेल और युवा सेवाएं विभाग के राजेश शर्मा ने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। उन्हें उम्मीद है कि प्रतियोगिता में दूसरे खिलाड़ी भी सराहनीय प्रदर्शन करेंगे।
कप्तान शिवांश ने आखिरी रेड में बदली बाजी

मंडी के शिवांश की कप्तानी में हिमाचल ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। मैच बराबरी रहने के बाद टाईब्रेकर हुआ। इसमें हिमाचल एक प्वाइंट से जीत गया। यह टर्निंग प्वाइंट मंडी के सुंदरनगर के शिवांश ठाकुर ने दिलाया और प्रदेश को चैंपियन बना डाला।

शिवांश ने आखिरी मिनट में तीन रेड प्वाइंट अर्जित किए। शिवांश ठाकुर मंडी के सुंदरनगर का निवासी है। इसके पिता प्रेम ठाकुर पालु भी राष्ट्रीय कबड्डी के खिलाड़ी रह चुके हैं। कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भ्राटा ने टीम को जीत पर बधाई दी। मंडी कबड्डी संघ के अध्यक्ष टेक चंद शर्मा ने कहा कि शिवांश ने आखिरी पल में मैच हिमाचल की झोली में डाला है, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल प्रदेश की पुरुष कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है। हरियाणा के पंचकूला में हो रही इस प्रतियोगिता में प्रदेश की पुरुष कबड्डी टीम टीम ने फाइनल मैच में हरियाणा की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *