हिमाचल नगर निकाय चुनाव: 3.60 लाख वोटर्ज के हाथ में 1147 उम्मीदवारों का भाग्य

हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश भर में अब प्रचार अभियान तेज हो गया है। राज्य में 449 पदों के लिए यह चुनाव होने जा रहे हैं, लेकिन राज्य में अब तक 10 वार्डों में निर्विरोध सदस्य चुन लिए गए हैं।

ऐसे में अब 439 पदों के लिए ही यह चुनाव होंगे। इस चुनाव के लिए कुल 1147 उम्मीदवार अब मैदान में रह गए हैं। इन चुनावों के लिए राज्य में 589 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। शहरी निकायों के चुनाव के लिए करीब 1300 ईवीएम के माध्यम से यह चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करवाई जाएगी।

प्रदेश भर में 360859 लाख मतदाता अब 439 वार्डों में अपना मतदान करेंगे। इनमें 180963 पुरुष मतदाता, जबकि 179882 महिला मतदाता शामिल हैं।

वहीं इन चुनावो में 1808 मतदाता पहली बार अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में शहरी निकाय के चुनाव में कुल 195 महिला उम्मीदवार इस बार चुनाव मैदान में है ऐसे में राज्य के 4 नगर निगमों सहित 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में यह चुनाव होंगे।

घर-घर वोट मांगने पहुंच रहे उम्मीदवार

शहरी निकाय के चुनाव को लेकर अब सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह जारी किए जा चुके हैं ऐसे में अब प्रदेश भर में प्रचार अभियान भी तेज हो गया है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अब उम्मीदवार घर घर वोट मांगने के लिए पहुंच रहे हैं।

भाजपा और कांग्रेस के लिए 249 उम्मीदवार चुनौती

शहरी निकाय के चुनाव को लेकर 439 वार्डों में कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। इनमें हालांकि भाजपा और कांग्रेस द्वारा 439 वार्डों में अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं वहीं इनमें अलग से निर्दलीय और अन्य पार्टी से 249 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

ऐसे में इस चुनावों में त्रिकोना मुकाबला देखने को मिल रहा है। यह निर्दलीय उम्मीदवार अब दोनों की प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।