पुरानी पेंशन बहाली के लिए तेज हुआ संघर्ष

मंडी : हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने में पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष को मजबूत करने के लिए नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ द्वारा शनिवार को गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। पूरे प्रदेश में संगठन द्वारा मेंबरशिप अभियान भी शुरू किया गया। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि संगठन द्वारा इस गेट मीटिंग में एक लाख कर्मचारियों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन पुरानी पेंशन में आने वाले कर्मचारियों के सहयोग से यह संख्या दो लाख तक पहुंच गई है, जिसके लिए उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों तथा अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि शनिवार को शुरू हुए मेंबरशिप अभियान में करीब 30000 से भी अधिक कर्मचारियों ने संगठन की सदस्यता ली है जो कि एक नया रिकॉर्ड संगठन ने बनाया है। गेट मीटिंग में कर्मचारियों का इतनी संख्या में जुटना अपने आप में यह दर्शाता है कि कर्मचारियों की भावना पुरानी पेंशन बहाली के साथ जुड़ी है। जिसके लिए वे खुलकर सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को देखते हुए जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाली का फैसला लेना चाहिए।

प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश और देश की लोकतांत्रिक सरकार को लोकतंत्र के असली मूल्यों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाली का फैसला लेना चाहिए। क्योंकि लोकतंत्र में हमेशा फैसले बहुमत को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। यहां तो 100 प्रतिशत कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली चाहते हैं।

पिछले दिनों कुछ एजेंसी और समाचार पत्रों के द्वारा सर्वे किए गए, जिसमें भी 100 प्रतिशत कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली के ही पक्ष में दिखे तथा समाज का 99 प्रतिशत वर्ग कर्मचारियों के पक्ष में दिखा जो यह दर्शाता है कि कर्मचारी के साथ साथ समाज का हर एक वर्ग कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के लिए उनके साथ खड़ा है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।