भीषण अग्निकांड के चलते कुल्लू दहशरा उत्सव में हुआ भारी नुक्सान

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में शनिवार तड़के करीब 2 बजे देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों में आग लग गई। इस घटना में 8 देवी-देवताओं के अस्थायी शिविर जल गए। इनमें रखा सामान, पारंपरिक वाद्ययंत्र और अन्य सामग्री भी आग की भेंट चढ़ गई।

दशहरा उत्सव के दौरान लगी आग

लोगों ने देव रथों को निकाल लिया और सुरक्षित जगह पहुंचाया। देव रथों में करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लगे होते हैं और देवलुओं ने इन्हें जान पर खेलकर बचा लिया।

घटना में 5 दुकानें भी जलकर राख हो गईं। इनमें 4 जूतों की दुकानें थी और एक प्लास्टिक सामग्री की दुकान थी। एक कार भी घटना में जल गई।

वहीं घटना में 3 दुकानदारों सहित एक पुलिस कर्मी भी झुलस गया है। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और करोड़ों रुपए की संपत्ति को राख होने से बचा लिया।

रसोई गैस सिलैंडर में लीकेज बताई जा रही आग की वजह

आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो करोड़ों रुपए का नुक्सान हो सकता था और पूरे मैदान में सजी दुकानों व देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों में आग फैल सकती थी। इस घटना में 20.80 लाख रुपए की संपति के नष्ट होने का अनुमान लगाया गया है। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि आग लगने के पीछे रहे मुख्य कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इन देवताओं के अस्थायी शिविर जले

इस घटना में देवता पंजवीर खुनब बंजार, देवता आदि ब्रहमा धारठा सैंज, देवता पंजवीर करटाह सैंज, देवता जहल जीभी बंजार, देवता पंजवीर जीभी कांढी बंजार, देवता खोड़ू ब्रहमा प्रेम नगर ठेला, देवता शांघड़ी गांव सतरीग ठेला, देवता पंजवीर गांव सोती सैंज के अस्थायी शिविर जल गए।

वहीं सकुन पत्नी संतोष निवासी हाउस नंबर 58 सुंदर नगरी नई दिल्ली, पिंटू सागर पुत्र विजय सिंह निवासी हाऊस नंबर 220 विष्णु गार्ड नई दिल्ली, राजु पुत्र राम स्वरूप निवासी सुंदरनगरी झुग्गी नई दिल्ली, नितिन कुमार पुत्र आनंद कुमार विष्णु गार्डन नई दिल्ली की जूतों की दुकानें, मनु राम पुत्र राजकुमार निवासी सुलह पालमपुर जिला कांगड़ा की प्लास्टिक के सामान की दुकान जलकर राख हो गई।

देवता पंजवीर के अस्थायी शिविर के पास खड़ी एक टैक्सी आल्टो कार भी जल गई। कुछ देवी-देवताओं को श्रृंगा ऋषि वाले वाले मैदान में बैठाया गया है और कुछ को कोर्ट परिसर में बैठाया गया है।

प्रशासन ने फौरी राहत प्रदान की

देवी-देवताओं और दुकानदारों को प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि नुक्सान का आकलन करने को कहा गया है। डीसी आशुतोष गर्ग और एसपी साक्षी वर्मा ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों को लीड किया।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।