मंडी डिवीजन को मिलीं 40 इलेक्ट्रिक बसें
हिमाचल पथ परिवहन निगम के मंडी डिवीजन को 40 नई इलेक्ट्रिक बसें आबंटित की गई हैं। इन बसों के शामिल होने से यात्रियों को न केवल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
नई बसें शनिवार तक मंडी पहुंच जाएंगी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा। कुछ बसें पहुंच भी चुकी हैं।
मंडी डिपो के लिए 15, कुल्लू डिपो के लिए 15 और सुंदरनगर डिपो के लिए 10 बसें आबंटित की गई हैं। नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
सभी बसों में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले, आरामदायक सीटें और कम शोर व बिना कंपन के सफर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बसों का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से यात्रा कर सकें।
राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ले जाने की नीति पर काम कर रही है और यह कदम उसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंडी, कुल्लू और सुंदरनगर क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय से नई और आधुनिक बसों का इंतजार था। अब इन बसों के संचालन से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। विभाग द्वारा चार्जिंग स्टेशन पहले से ही स्थापित कर दिए गए हैं।
मंडी यूनिट के आरएम पीयूष ने बताया कि मंडी में वर्क शॉप और बस स्टैंड में चार्जिंग स्टेशन हैं। इसके अलावा सुंदरगनर और बाकी यूनिटों में भी ऐसी ही व्यवस्था है।







