पारम्परिक निर्माण शैली से तैयार हुआ महर्षि देव गहरी का भव्य मंदिर

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत हारगुनैण के हराबाग में महर्षि देव गहरी का भव्य मंदिर अब बनकर तैयार हो गया है। लगभग दो करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस मंदिर में शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू हो गया। जो अगले दो दिनों तक और चलेगा।

विशेष वास्तुशिल्प और पारंपरिक निर्माण शैली के कारण यह मंदिर क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। काष्ठकुणी शैली में निर्मित यह जोगिंदरनगर क्षेत्र का पहला मंदिर बताया जा रहा है। पत्थर और देवदार की लकड़ी के अनूठे संयोजन से तैयार मंदिर की भव्यता देखते ही बनती है।

मंदिर की दीवारों, खंभों, छत और दरवाजों पर की गई बारीक नक्काशी हिमाचल प्रदेश की सदियों पुरानी स्थापत्य कला और समृद्ध देव संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रही है।

पारंपरिक शैली में तैयार इस मंदिर को देखने के लिए पहुंच रहे लोग इसकी कलात्मक सुंदरता और कारीगरी की खूब सराहना कर रहे हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी पवन कुमार के अनुसार 20 से 22 नवंबर तक मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन किया चलेगा।

तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह में क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा देव परंपरा से जुड़े गूर, बजंत्री और क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में भाग लेंगे।

इस अवसर पर विधिवत हवन-यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें लगभग 15 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

महर्षि देव गहरी के इस भव्य मंदिर का निर्माण न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नई पहचान देगा, बल्कि हिमाचल की पारंपरिक काष्ठकुणी स्थापत्य कला और देव संस्कृति के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनेगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *