सड़क के पुननिर्माण के चलते 10 दिसम्बर के बाद शुरू होगा आवागमन
जोगिन्दरनगर : उपमंडल जोगिन्दरनगर की ग्राम पंचायत कुठेहड़ा के पंजालतर से कुठेहड़ा सड़क मार्ग के बेहद खराब हिस्सों पर कंक्रीट बिछाने का कार्य पूरा होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
लंबे समय से सडक़ की खस्ताहालत के कारण परेशानियों का सामना कर रहे ग्रामीणों को अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।
सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों में कंक्रीट बिछाने का कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया गया है। पंचायत प्रधान अंजू रानी ने बताया कि सडक़ की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कंक्रीट को पूरी तरह सूखने और मजबूती प्राप्त करने के लिए आगामी 10 दिसंबर तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इस दौरान छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों के लिए सडक़ पूरी तरह बंद रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से विभाग के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित अवधि तक इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
लोक निर्माण विभाग ने भी पंजालतर से कुठेहड़ा आने-जाने वाले वाहन चालकों से सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया है, ताकि कंक्रीट निर्धारित समय में अच्छी तरह मजबूत हो सके।
सड़क के खराब हिस्सों की मरम्मत के लिए चौंतड़ा ब्लॉक समिति अध्यक्ष एडवोकेट प्रशांत ठाकुर, पंचायत प्रधान अंजू रानी, उपप्रधान संजीव कुमार और ग्रामीणों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर का विशेष आभार जताया है।
ग्रामीणों ने कहा कि जीवन ठाकुर के प्रयासों से ही सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों में कंक्रीट बिछाने के कार्य को स्वीकृति मिल पाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मरम्मत कार्य के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में पेश आ रही परेशानियों से काफी हद तक निजात मिलेगी।
