अनुबंध कर्मचारियों की वरिष्ठता और प्रोमोशन का रास्ता साफ
राज्य विद्युत बोर्ड के अनुबंध कर्मचारियों को हाई कोर्ट के फैसले के बाद वरिष्ठता और पदोन्नति का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। बोर्ड प्रबंधन ने इस संबंध में सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसके तहत अनुबंध सेवाकाल को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों की अस्थायी वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों से आपत्तियां मांगी जाएंगी और उनका निपटारा कर अंतिम वरिष्ठता सूची जारी होगी।
यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के 25 अप्रैल, 2026 के फैसले के आधार पर की जा रही है। यह मामला देविंदर कुमार एवं अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार से जुड़ा है। बिजली बोर्ड के निदेशक (कार्मिक) की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों के मामलों की जांच कर यह तय करना होगा कि किन कर्मचारियों को इस फैसले का लाभ मिल सकता है।
इसके बाद अस्थाई वरिष्ठता सूची तैयार कर जारी की जाएगी। सूची पर आने वाली आपत्तियों पर विचार करने के बाद अंतिम वरिष्ठता तय होगी।
इसी संशोधित वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) की समीक्षा बैठक या नई बैठक आयोजित की जाएगी। निर्देशों में पहले पदोन्नत हो चुके कर्मचारियों के मामलों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है।
यदि किसी कर्मचारी को पहले पदोन्नति मिल चुकी है, लेकिन अनुबंध सेवाकाल जोडऩे के बाद उसकी वरिष्ठता में बदलाव होता है और वह अन्य कर्मचारियों से नीचे आ जाता है, तो पहले हुई डीपीसी की समीक्षा की जाएगी। ऐसे कर्मचारी को संशोधित वरिष्ठता के अनुसार पदोन्नति के लिए अपनी बारी का इंतजार करना होगा।
वहीं, यदि अनुबंध सेवाकाल जोड़ने के बाद किसी कर्मचारी की वरिष्ठता पहले से ऊपर हो जाती है और वह पदोन्नति के लिए पात्र बनता है, तो उसके मामले में नई डीपीसी आयोजित की जाएगी।
हालांकि ऐसे मामलों में पदोन्नति का लाभ वास्तविक पदोन्नति आदेश जारी होने या नए पद का कार्यभार संभालने की तारीख से ही मिलेगा। बोर्ड के निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि समीक्षा या नई डीपीसी के दौरान किसी भी स्थिति में अतिरिक्त पद नहीं बनाए जाएंगे। कर्मचारियों को आर्थिक लाभ सामान्य तौर पर सांकेतिक आधार पर ही मिलेगा।
वास्तविक आर्थिक लाभ तभी दिया जाएगा, जब अदालत ने विशेष रूप से इसका आदेश दिया हो। बोर्ड ने इस पूरी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अंतिम आदेश जारी करने से पहले प्रशासनिक विभाग की मंजूरी लेना भी जरूरी होगा।
बोर्ड प्रबंधन ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि निर्देशों के पालन में देरी या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है।
