प्रदेश में 5 लाख लोग एक साथ करेंगे योग

शिमला : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को हिमाचल प्रदेश में 5 लाख लोग योग करेंगे। इसमें आयुष विभाग के अलावा विभिन्न संगठनों जैसे आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योगपीठ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं स्कूल के बच्चे शामिल होंगे।

राज्य में आयुष विभाग करीब 1,200 ग्रामीण स्थानों पर योग करवाएगा। इस तरह जिला स्तर पर करीब 135 स्थानों पर योग के कार्यक्रम होंगे। राज्य में केेंद्र सरकार के 4 मंत्री अनुराग ठाकुर, धर्मेंद्र प्रधान, पंकज चौधरी व निसिथ प्रामाणिक प्रदेश के अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में जाकर योग के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

साथ ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित किए जाने वाले योग के कार्यक्रम में करीब 1,500 स्कूली बच्चों के साथ योग करेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सुजानपुर टिहरा कटोच पैलेस के योग कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भाग लेंगे।

उनके साथ प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग भी मौजूद रहेंगे। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के कार्यक्रम में केंद्रीय मानव संसधान, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ प्रदेश के वन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया कांगड़ा फोर्ट मंडल के कार्यक्रम में योग करेंगे।

मंडी संसदीय क्षेत्र के पराशर झील के निकट योग कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे। अटल सुरंग रोहतांग पर 10 हजार फुट की ऊंचाई पर होने वाले योग के कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं युवा मामले व खेल राज्य मंत्री मंत्रालय निसिथ प्रमाणिक के साथ प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मारकंडा व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के अलावा सेना, आई.टी.बी.पी., एन.डी.आर.एफ., अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान व सीमा सड़क संगठन के जवान भी योग करेंगे। इसी तरह आरट्रैक व सैन्य छावनियों में भी योग के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उच्च न्यायालय में भी होगा योग
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के पुराने सभागार में योग का कार्यक्रम होगा। योग का यह कार्यक्रम सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार होगा, जिसमें न्यायाधीश और अधिवक्ता योग करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रगान होगा।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।