हिमाचल में गठित होगा कृत्रिम मेधा मंत्रालय,पढ़ें हिमाचल की 10 बड़ी खबरें

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए वृहद स्तर पर कार्य कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इटैंलीजैंस मंत्रालय का सृजन करने पर भी विचार किया जा रहा है। देशभर में इस तरह की महत्वाकांक्षी पहल पहली बार होगी।

यह बात उन्होंने सोमवार को शिमला में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस (कृत्रिम मेधा) का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

कैंसर, बुखार, दर्द व संक्रमण सहित 19 दवाएं सस्ती हो गई हैं। इन दवाओं की नई दरों में जी.एस.टी. शामिल नहीं है। नैशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटीज (एन.पी.पी.ए.) की अधिसूचना के अनुसार उन्हीं कंपनियों को इन दवाइयों पर सिर्फ जी.एस.टी. जोड़ने की मंजूरी होगी, जिन कंपनियों ने स्वयं जी.एस.टी. का भुगतान किया हो। एन.पी.पी.ए. ने 1 जनवरी से इन दवाओं की नई खुदरा कीमतें निर्धारित की हैं।

पढ़ें हिमाचल की टॉप 10 न्यूज़

हिमाचल में गठित होगा कृत्रिम मेधा मंत्रालय : सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए वृहद स्तर पर कार्य कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इटैंलीजैंस मंत्रालय का सृजन करने पर भी विचार किया जा रहा है। देशभर में इस तरह की महत्वाकांक्षी पहल पहली बार होगी। यह बात उन्होंने सोमवार को शिमला में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस (कृत्रिम मेधा) का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

मानव भारती फर्जी डिग्री केस में एस.आई.टी. ने पेश किया चालान
बहुचर्चित मानव भारती विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री केस में एस.आई.टी. ने अंतिम चार्जशीट अदालत में पेश कर दी है। इसके तहत 10 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें विश्वविद्यालय के मालिक राजकुमार राणा, उसकी पत्नी सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। कुछ दिनों पहले ही ये चालान अदालत में पेश किया गया है। डिग्री मामले की जांच को लेकर सरकार ने 19 सदस्यों की एक एस.आई.टी. का गठन किया था। लंबे समय से जांच टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। वहीं जांच में पाए गए तथ्यों के आधार पर मानव भारती एजुकेशन ट्रस्ट के भी सभी खातों को पहले ही अटैच किया चुका है। इसके अलावा ई.डी. 194.17 करोड़ की संपत्ति को भी जब्त कर चुकी है।

कंगना रणौत भविष्य में करियर में करेंगी बदलाव, अभिनय छोड़ने की तैयारी
बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रणौत अभिनय छोड़ने की तैयारी में हैं। कंगना रणौत ने अपने एक्स सोशल मीडिया हैंडल पर सोमवार को एक पोस्ट डाली है जिसमें लिखी बातों में यह साफ इशारा किया गया है कि वह आने वाले वर्षों में अपना करियर बदलेंगी। कंगना की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस द्वारा मैसेज कर सवालों की झड़ी लगा दी गई। कुछ लोगों ने तो उनके द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर भी सवाल पूछ डाला। इस पर हालांकि कंगना ने जवाब देते हुए साफ तौर पर मना कर दिया लेकिन बीते कुछ समय से कंगना के राजनीति में कदम रखने के कयास लगाए जा रहे हैं और उनका हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

कांग्रेस जो सपने में भी नहीं सोच सकती उसे साकार करने का काम किया मोदी सरकार ने : अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्त्ताओं की बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि निरंतर रूप से हमारी पार्टी की बैठकें होती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करने के लिए, केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए और आगामी चुनाव में पहले से ज्यादा बढ़त से चुनाव जीतने के लिए सब कमर कसने के लिए तैयार हैं, फिर एक बार मोदी सरकार बनाने के लिए तैयार हैं और लक्ष्य अगर इस बार 400 पार है तो इसमें हिमाचल की चारों की चारों सीटों का योगदान है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में गरीब कल्याण की अनेक योजनाएं चली हैं, जो कांग्रेस 60 वर्षों में नहीं कर पाई, वह मोदी सरकार ने 10 वर्षों में कई गुना ज्यादा किया।

9 व 10 जनवरी को नादौन दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 9 और 10 जनवरी को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के प्रवास पर रहेंगे। प्रवास कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 9 जनवरी को हैलीकॉप्टर के माध्यम से करीब 11ः50 बजे अमतर ग्राऊंड पहुंचेंगे और तुरंत मनसाई के लिए रवाना हो जाएंगे। मनसाई में जनसमस्याओं की सुनवाई के बाद वह सदोह में भी आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उसके पश्चात दोपहर करीब सवा 1 बजे वह धनेटा में डिग्री कालेज के नए ब्लॉक, वी.डब्ल्यू.एस.सी. भवन और उठाऊ पेयजल योजना जनसूह की आधारशिला रखेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। रात को मुख्यमंत्री सेरा के विश्राम गृह में रुकेंगे।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा हर मामले में अनूठा अनुराग का एक से श्रेष्ठ कार्यक्रम
पहाड़ों में बदलाव थोड़ा कठिन है, यह जानी और मानी बात है। वैसे तो हमीरपुर संसदीय क्षेत्र कई मामलों में विकास की एक नज़ीर पेश करता है मगर सांसद अनुराग ठाकुर के कई निजी प्रयास भी न सिर्फ़ चर्चा का विषय बनते हैं, बल्कि गुणवत्ता के मामले में भी अपनी छाप छोड़ते हैं। बीते दिनों देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने यह बात अनुराग ठाकुर के एक से श्रेष्ठ के 500वें केंद्र का उद्घाटन किया और लगभग 20,000 से ज्यादा की भीड़ के सामने दिल खोल कर अनुराग ठाकुर की प्रशंसा की। सर्दी के मौसम में खिली धूप, सधे हुए भाषणों के बीच मंच की साज-सज्जा और इसका अनूठापन भी बरबस ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा था।

पुलिस को देखते ही निगला संदिग्ध पदार्थ गले में अटका, महिला की मौत
उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत एक महिला की संदिग्ध पदार्थ निगलने के प्रयास में पदार्थ गले में अटकने से मौत हो गई। महिला पठानकोट (पंजाब) के सुजानपुर की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि महिला पर नशा तस्करी के पहले भी आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह रात को छन्नी में नशीले पदार्थ की तस्करी हेतु आई थी लेकिन वहां गश्त कर रही पुलिस टीम को देखते ही उसने अपने पास छिपाकर रखी गई पुड़िया को निगलने का प्रयास किया, जो उसके गले में अटक गई, जिससे उसकी हालत खराब हो गई ।

पालमपुर में टूरिज्म विलेज पर भ्रांतियां फैलाई जा रहीं : गोकुल
पालमपुर में प्रस्तावित टूरिज्म विलेज को लेकर सस्ती सियासत हो रही है। इस मसले पर कई तरह की भ्रांतियां फैलाने का प्रयास हो रहा है। ये भ्रांतियां पूरी तरह निराधार हैं। टूरिज्म विलेज के लिए कृषि विश्वविद्यालय को सरकार द्वारा दी गई चाय बागान की जिस 100 एकड़ जमीन को वापस लेना प्रस्तावित है, वह बीते 50 साल से बिना प्रयोग के बंजर पड़ी है। ऐसे में इस जमीन को वापस लेने से विश्वविद्यालय की रिसर्च पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ये बातें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार (आई.टी., इनोवेशन व गवर्नैंस) गोकुल बुटेल ने पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में टूरिज्म विलेज एक अहम कड़ी है।

सर्दी तो जारी लेकिन बर्फबारी की नहीं कोई उम्मीद, मंगलवार को बारिश की संभावना
हिमाचल में कड़ाके की ठंड तो पड़ रही है लेकिन अभी बर्फबारी की कोई उम्मीद नहीं है। प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ भी कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने आगामी 72 घंटे तक पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया था लेकिन अब इसकी संभावनाएं बहुत कम रह गई हैं। वहीं मंगलवार को विभाग ने प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है और मैदानी इलाकों में बारिश और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की उम्मीद जताई है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।