जिला मंडी में भारी बारिश से 38 सड़कें बंद,63 ट्रांसफार्मर भी ठप्प

मंडी जिला में जारी मानसून की बारिश ने सड़कों सहित बिजली सेवाओं को प्रभावित कर दिया है। मंडी में बारिश से अभी भी 38 सडकें बंद हैं और 63 ट्रांसफार्मर भी बिजली नहीं दे पा रहे हैं। वहीँ जोगिन्दरनगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है।

बिजली के ट्रांसफार्मर बंद होने से जिला के दूरवर्ती ग्रामीण कई क्षेत्रों में अंधेरा पसर गया है। मंडी जिला आपातकालीन संचालन केंद्र द्वारा सोमवार शाम को जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, जिला में भारी बारिश के कारण अवरुद्ध सड़कों और बिजली व्यवधान की संख्या में सुबह की तुलना में उल्लेखनीय कमी आई है।

हालांकि, कई इलाकों में अभी भी यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित है। जल आपूर्ति योजनाओं में कोई व्यवधान नहीं बताया गया है। सड़कों की स्थिति में सुधार सोमवार की शाम तक कुछ हद तक सुधार देखने को मिला है। सोमवार की सुबह बारिश से जहां कुल 51 सडक़ें अवरुद्ध थीं, वहीं शाम तक इनकी संख्या घटकर 38 रह गईं।

सबसे अधिक प्रभावित डिवीजन सराज में सुबह 34 सड़कें बंद थीं, जोकि शाम तक 27 रह गई हैं। थलौट में बंद सडकों की संख्या 10 से घटकर 6, पधर में अवरूद्ध 4 में से 2 सड़कें ही बंद रही हैं।

सुंदरनगर, जोगिन्दरनगर और धर्मपुर डिवीजन में स्थिति लगभग स्थिर बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पूरी तरह सुचारू हैं। मुख्य जिला सडक़ें (एमडीआर) दो तथा ग्रामीण सड़कें 36 अभी भी अवरुद्ध हैं।

अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन और मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। बिजली आपूर्ति के मामले में भी सुधार दिखा है। सोमवार सुबह 104 डीटीआर (वितरण ट्रांसफार्मर) प्रभावित थे, जो शाम तक 63 रह गए।

ईडी गोहर में व्यवधान 20 से ट्रांसफार्मर बंद थे जिनकी संख्या शाम तक घटकर मात्र 5 रह गई है। सुंदरनगर में 65 से 46, थलौट में 11 तथा सरकारघाट में एक डीटीआर अभी भी प्रभावित है। इसके साथ जोगिंदरनगर में भी व्यवधान जारी है।

बिजली विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में बहाली का काम कर रही हैं। डीईओसी मंडी के अनुसार, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हैं।

प्रशासनिक अमले ने नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वह अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

वहीँ मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला आगामी 16 अगस्त तक बना रहेगा।

 

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *