हिमाचल में मॉनसून सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी

हिमाचल में इस मानसून सीजन के चलते पहली बार भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 जुलाई को चार जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर भारी बारिश का रैड अलर्ट जारी किया है वहीं 21 जुलाई को पांच जिलो चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

वहीं इन दो दिनों के दौरान प्रदेश के बाकी सभी जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार यह इस मॉनसून सीजन में पहली बार है, जब हिमाचल के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मॉनसूनी प्रणाली के प्रभाव से अगले कई दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। 24 जुलाई के लिए येलो अलर्ट, जबकि 19, 20 और 24 जुलाई के लिए भारी बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट के साथ लोगों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग के अनुसार बहुत भारी बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने, भूमि धंसने और अचानक बाढ़ आने की आशंका काफी अधिक रहेगी।

नदियों, खड्डों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। कमजोर भवनों को नुकसान पहुंचने, बागवानी और खड़ी फसलों के प्रभावित होने, सड़कों पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण वाहन दुर्घटनाओं तथा लंबा जाम लगने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से भूस्खलन और फ्लैश फ्लड संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, ट्रैकिंग नहीं करने, गैर जरूरी यात्रा टालने, खुले में गतिविधियां सीमित रखने और प्रशासन की ओर से जारी मौसम व यातायात संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।

धर्मशाला में 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच बीते 24 घंटो के दौरान कांगड़ा और चंबा जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है। सबसे अधिक 137 मिलीमीटर बारिश धर्मशाला एडब्ल्यूएस केंद्र में दर्ज की गई।

इसके अलावा चंबा जिले के जोत में 109 मिलीमीटर, कांगड़ा में 77.4 मिलीमीटर, धर्मशाला में 65.5 मिलीमीटर और पालमपुर में 38 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कांगड़ा और जोत क्षेत्र में गरज के साथ बिजली चमकने की घटनाएं भी दर्ज की गईं। खास बात यह रही कि कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में इस मॉनसून सीजन के दौरान पहली बार व्यापक स्तर पर तेज बारिश हुई।

शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रहा। शिमला में सुबह से बादल छाए रहे। पिछले कुछ दिनों से शिमला सहित मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में मॉनसून कमजोर पड़ने से अच्छी बारिश नहीं हुई थी, जिससे उमस बढ़ गई थी।

अब मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *