रामलीला मैदान में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

जोगिन्दरनगर :  राज्यस्तरीय देवता मेला जोगिन्दरनगर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतिस्पर्धाएं रामलीला मैदान में आयोजित होंगी। रविवार को मेला समिति के अध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा ने नगर परिषद के पदाधिकारियों और स्थानीय कारोबारियों के साथ व्यवस्था जांचने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शहर में कारोबारियों को भी मेले का लाभ मिले, इसलिए सुबह दस बजे से रात दस बजे तक रामलीला मैदान में सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतिस्पर्धाएं करवाने का निर्णय लिया गया है। महिलाओं की रस्साकशी, मटका फोड़ प्रतियोगिताओं के साथ-साथ रंगोली प्रतियोगिता भी होगी।

शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। महिलाओं की ओर से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी।
जोगिन्दरनगर का राज्यस्तरीय देवता मेला पहली अप्रैल से शुरू होगा। इसकी पहली एवं आखिरी जलेब का शुभारंभ भी रामलीला मैदान से होगा। मेला समिति के चेयरमैन डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि 124 देवी-देवताओं के बैठने की व्यवस्था भी रामलीला मैदान में की गई है।

उन्होंने मेले में हर वर्ग की सहभागिता पर बल दिया और कहा कि मेले की शोभायात्रा में देवी-देवताओं की अगुवाई में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों को भी शामिल करने पर सहमति बनी है। कहा कि पांच दिवसीय मेले को बेहद आकर्षक बनाने के लिए उप समितियों का भी गठन किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताओं के अव्वल प्रतिभागियों को इनामी राशि से सम्मानित किया जाएगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *