कांग्रेस ने 46 सीटों की सूची जारी की, 22 सीटें अभी होल्ड पर

कांग्रेस हाईकमान ने मंगलवार को हिमाचल विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 46 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं।

जिन 46 सीटों का ऐलान किया गया है, उनमें मौजूदा विधायकों के साथ ही कई बड़े चेहरे शामिल हैं। कांग्रेस ने उन सीटों को होल्ड पर डाल दिया है, जिनमें विवाद चल रहे थे।

जानकारी है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने जनजातीय क्षेत्र भरमौर, किन्नौर और सरकाघाट की टिकटें होल्ड कर ली हैं। यहां पूर्व में ठाकुर सिंह भरमौरी को टिकट का ऐलान हुआ था, जबकि किन्नौर में जगत सिंह नेगी टिकट की रेस में आगे चल रहे थे।

पहली सूची में जो टिकट साफ हुए हैं उनमें सबसे बड़ा नाम धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र का है। यहां पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा की टिकट फंस रही थी, लेकिन अब सूची में उन्हें कांग्रेस हाईकमान ने जगह दे दी है।

कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने कहा है कि पार्टी हाईकमान जल्द ही बाकी बची 22 सीटों पर भी उम्मीदवारों का ऐलान करेगी। इससे पूर्व बीते तीन दिन से कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति दिल्ली में टिकटों को लेकर मंथन कर रही थी।

शुरुआत में पार्टी की तरफ से यह कहा जा रहा था कि सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में टिकटों की घोषणा एक साथ की जाएगी, लेकिन टिकटों पर घमासान बढऩे के बाद कांग्रेस ने अंतिम समय में सूची को होल्ड पर डाल दिया। अब आधिकारिक रूप से जो सूची जारी हुई है, उसमें 46 नाम शामिल है और इकलौते किन्नौर विधानसभा क्षेत्र को छोड़ दिया जाए तो अन्य सभी विधायक इस सूची का हिस्सा बनने में कामयाब रहे हैं।

बताया जा रहा है कि युवा कांग्रेस इस बार विधानसभा चुनाव में टिकट न देने को लेकर नाराज चल रही है। अब हाईकमान को इन टिकटों पर फैसला लेना है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *