महिला के साथ अभद्रता करने पर 5 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

देश के सबसे शांत राज्य माने जाने वाले हिमाचल में मणिपुर जैसी घटना सामने आई है। यहां मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल में महिला के साथ अभद्रता करने का सनसनीखेज घटनाक्रम घटित हुआ है।

भोरंज के एक गांव में ग्रामीणों ने पहले महिला के बाल काटे, फिर उसके मुंह पर कालिख पोतकर मारपीट की और फिर इसी हालत में गांव में घुमाया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

हैरानी की बात यह है कि लोग तमाशबीन होकर वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने इसका विरोध नहीं किया। हालांकि घटना दो सप्ताह पुरानी है, लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार सुबह जैसे ही वायरल हुआ, तो पुलिस हरकत में आई और मौके पर जाकर छानबीन के बाद पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जिला हमीरपुर की पुलिस कप्तान डा. आकृति शर्मा भी घटना की सूचना मिलते ही भोरंज रवाना हो गईं थीं। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

हालांकि महिला के साथ अभद्रता क्यों की गई, इस बारे में तो जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, लेकिन सूत्रों की मानें तो महिला के चरित्र को लेकर सवाल उठाए गए थे, जिसके चलते ससुराल पक्ष और गांव के लोगों ने इस घटना को मिलकर अंजाम दिया। बताया यह जा रहा है कि पीडि़ता महिला अपने घर वालों को बिना बताए घर से चली गई थी।

एसपी हमीरपुर डा. आकृति शर्मा के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से बदसलूकी का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। मामले में भोरंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

महिला के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला का कहना है कि 31 अगस्त को पांच बजे उसके घर में यह बदसलूकी की गई है। मामले में महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के कुछ लोगों और गांव वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

चीफ सेक्रेटरी बोले, सरकार ने लिया संज्ञान

प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना के अनुसार यह मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस मामले का गंभीरता से संज्ञान ले रही है। सरकार की तरफ से जो भी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी। हमीरपुर प्रशासन मौके पर है, रिपोर्ट मांगी गई है। पीडि़ता को न्याय मिलेगा।

विधानसभा के मानसून सत्र में गंूज सकता है मसला

बताते चलें कि प्रदेश सरकार का विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। मुख्यमंत्री के गृह जिला में घटित इस घटना की गूँज इस सत्र में सुनाई देने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं। विपक्ष में बैठी भाजपा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेर सकती है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।