कांगड़ा के चंबी में गरजे आप सुप्रीमो

काँगड़ा : कांगड़ा जिला के पहले दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने 20 मिनट के भाषण में भाजपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। शाहपुर के चंबी मैदान में शनिवार को आयोजित आप की पहली रैली में केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए हिमाचल को लूटने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों ने करीब 47 साल देवभूमि हिमाचल को दोनों हाथों से लूटा है। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उन्होंने नकलखोर बताते हुए कहा कि मुफ्त बिजली देने की घोषणा करके उन्होंने आप की नकल तो कर ली, लेकिन आप के बराबर 300 यूनिट की नहीं, बल्कि 125 यूनिट देने की ही घोषणा की।

केजरीवाल ने कहा कि कांगे्रस ने 30 साल, जबकि भाजपा ने 17 साल तक हिमाचल में राज किया। अगर विकास की बात करें तो यहां कुछ खास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि भगवान ने हिमाचल को बहुत कुछ दिया है, लेकिन यहां रही सरकारों ने हिमाचल के लोगों को कुछ नहीं दिया।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नेता नड्डा व अनुराग उन्हें हर दिन गालियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति नहीं आती है, लेकिन विकास करवाना जरूर आता है। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल के लोग ईमानदार और मेहनती हैं, लेकिन यहां के नेता ठीक नहीं हैं।

हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर मुझसे पूछते हैं कि दिल्ली मॉडल क्या है, तो मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि दिल्ली मॉडल एक ईमानदार सरकार है। हिमाचल के लोग भी अब दिल्ली मॉडल के जरिए ऐसी ही सरकार चाहते हैं। प्रदेश में भी अब ईमानदार सरकार चाहिए जो सिर्फ आप पार्टी ही दे सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस गंदी राजनीति करते हैं। उनकी नीयत चोरी करने की ही रही है। उन्होंने कहा कि आप ने दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनने के साथ ही वहां भ्रष्टाचार खत्म कर दिया है। हिमाचल में अगर आप की सरकार बनती है तो यहां भी भ्रष्टाचार और घूसखोरी को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि आप ने जिस तरह दिल्ली में सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को एक नया रंग रूप दिया है, उससे वहां की जनता की दिक्कतें दूर हुई हैं।

दिल्ली में पहले निजी स्कूलों की मनमानी चलती थी लेकिन पिछले सात सालों से वहां निजी स्कूलों ने फीस नहीं बढ़ाई है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के नतीजे 99.7 फीसदी रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बनाए हैं, जहां हर तरह के टेस्ट, दवाइयां व अन्य सुविधाएं मुफ्त दी जा रही हैं।

सरकारी स्कूलों की दशा सुधरने के बाद चार लाख बच्चों ने निजी स्कूलों को छोड़कर सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को मुफ्त बिजली-पानी के अलावा तीर्थ यात्रा भी मुफ्त करवाई जा रही है। यह सब एक ईमानदार सरकार ही कर सकती है।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के बाद पजाब में भी इस मॉडल का लागू किया जा रहा है। पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में 25 हजार सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी इसलिए ही दिल्ली मॉडल की बात की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा को आप से डर लग रहा है आने वाले गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों को समय से पहले ही करवाने का मन बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में सभी लोग बुरे नही हैं, कुछ अच्छे भी हैं। ऐसे लोगों को आप में ज्वाइन करने का पूरा मौका है।

उन्होंने कहा कि 47 साल तक हिमाचल में राज करने वाले इन दोनों दलों को यहां की जनता ने बड़ा मौका दिया है, लेकिन अब यहां की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया वह एक बार आप को मौका दें। अगर हमारी पार्टी उनकी आंकाक्षाओं पर खरा नहीं उतरती है, तो अगली बार वोट मत देना। उन्होंने लोगों से आप को एक मौका देने की अपील की।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *