होम

चुनाव प्रचार के लिए डोर-टू-डोर अभियान जारी

जोगिंद्रनगर — भाजपा दिग्गज और जोगिंद्रनगर विस से पार्टी प्रत्याशी एवं मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जोगिंद्रनगर विस के विकास में कोई कमी नहीं रखी है। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर में जो विकास हुआ है, वह सिर्फ भाजपा की देन है और उनके कार्यकाल में विकास का एक इतिहास लिखा गया है। उधर, गुलाब सिंह ठाकुर प्रचार अभियान ने अब पूरी तरह से जोर पकड़ लिया है। डोर-टू-डोर अभियान के साथ नुक्कड़ सभाओं में जुटे गुलाब सिंह ठाकुर और भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह अब बढ़ता ही जा रहा है। वहीं गुलाब सिंह ठाकुर का कहना कि कांग्रेस पार्टी ने देश का दिवाला निकालकर रख दिया है और नित नए घोटाले करके दुनिया भर में देश को कलंकित किया जा रहा है।

अपने चुनावी अभियान के दौरान जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर गुलाब सिंह ने शुक्रवार को द्राहल, समोहली, भडयाड़ा बुहला, कुडनू, दरकोटी, छो, समौण, कमेहड़, चलारघ व बल्ह में जनसमूहों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस में उस नेता को सबसे बड़ा ओहदा दिया जाता है, जो सबसे बड़ा घोटाला करने में सक्षम होता है। ठाकुर गुलाब सिंह ने हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को आड़े हाथों लिया और कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश को बेचने मे कोई कमी नहीं रखी। धारा 118 का उल्लंघन करके बाहरी लोगों को न केवल जमीन, बल्कि जंगल भी बेच दिए।

ठाकुर गुलाब सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने सीडी कांड खत्म करने की नीयत से मनकोटिया से समझौता किया, मगर अब उनका पिछली सरकार में किया गया नया घोटाला सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में अथाह विकास हुआ। जनसमूहों में उन्होंने हर विभाग के विकास का विवरण सहित खुलासा किया और कहा कि जो मान-सम्मान जोगिंद्रनगर हलके के लोगों ने उन्हें दिया है, उससे भी अधिक सम्मान मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी इस हलके को दिया, जिसकी बदौलत क्षेत्र के विकास के द्वार खुले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *