जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के गडूही भराड़ू में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक प्रकाश राणा ने संत गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके जीवन व विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया।

उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और हमें एक सशक्त व न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
विधायक ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक एकता और सद्भाव को और मजबूत किया जाए।
कार्यक्रम में भजन-कीर्तन एवं विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में समाज में समरसता, सौहार्द और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।






























