सेना भर्ती के नियमों में फेरबदल

हमीरपुर — भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए अब काफी कठोर नियम हो चुके हैं। सिपाही के पद पर भर्ती होने के उपरांत जो लिखित परीक्षा ली जाती है, उस परीक्षा के प्रश्नपत्र अब सेना के अधिकारियों द्वारा पहले ही तैयार किए जाएंगे तथा यह प्रश्नपत्र उसी तरह भर्ती कार्यालय में पहुंचेंगे जैसे बोर्ड की परीक्षा के प्रश्नपत्र पहुंचते हैं। भारतीय सेना में यह फेरबदल पिछले कुछ समय से किया जा रहा था और उसी फेरबदल में इस बात को भी शामिल किया गया है। प्रश्नपत्र में क्या प्रश्न पूछे जाएंगे, इसकी जानकारी भर्ती के दौरान तैनात किसी भी कर्मचारी को नहीं होगी।

बोर्ड की तरह गुप्त तरीके से यह प्रश्नपत्र भर्ती रैली की तिथि घोषित करने के उपरांत ही सेना के अधिकारियों द्वारा तैयार किए जाएंगे। भारतीय सेना में यह इसलिए किया गया है कि कहीं पर भी भर्ती होने के लिए आए अभ्यर्थियों से कहीं कोई बिचौलिया पैसा न ऐंठे तथा सेना में वही युवक भर्ती होगा, जो भर्ती के हर मापदंडों पर खरा उतरेगा। अब जो भी भर्ती भारतीय सेना में सिपाही पद के लिए आयोजित की जाएगी, उस भर्ती प्रक्रिया में पहले से ही कम्प्यूटराइज्ड छपे हुए प्रश्नपत्र पहुंचेंगे। इन प्रश्न पत्रों की संख्या निर्धारित भर्ती पदों से अधिक होगी तथा जितने भी अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे, उनसे बचने वाले प्रश्नपत्र फिर से भर्ती कार्यालय में जमा किए जाएंगे।

भारतीय सेना में भर्ती होने की प्रक्रिया अब काफी सख्त हो गई है, जो युवा सेना में भर्ती होना मात्र मजाक समझते हैं उनको भी अब कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। सेना में स्वस्थ शरीर व स्वस्थ दिमाग वाले युवक ही भर्ती होंगे। भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल एसवी माथुर ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान होने वाली लिखित परीक्षा में अब कम्प्यूटराइज्ड प्रश्नपत्र मिलेंगे।

रोजगार समाचारहिमाचल प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *