प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के गिफ्ट से चहका बिलासपुर

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोठी पुरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन किया। लगभग 247 एकड़ क्षेत्र में करीब 1471 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 750 बिस्तरों वाले इस संस्थान में प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक एवं सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरकारी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला, बिलासपुर का उदघाटन भी किया। नालागढ़ में 350 करोड़ रुपये के मेडिकल डिवाईस पार्क और भारतमाला परियोजना के तहत 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली पिंजौर-नालागढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का शिलान्यास भी किया।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान ग्रीन एम्स के रूप में जाना जाएगा, क्योंकि इसका निर्माण ईको-फ्रेंडली शैली में किया गया है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह संस्थान लोगों को अपने प्रदेश में ही सस्ती और अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध करवाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले आठ वर्षों के दौरान देश के सुदूर हिस्सों तक विकासात्मक परियोजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया है।

इससे पहले एम्स हेलिपैड पहुंचने पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने एम्स के अस्पताल ब्लॉक, सीटी स्कैन सेंटर, एमर्जेंसी और ट्रॉमा एरिया का जायजा लिया। एम्स के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के समक्ष संस्थान के थ्रीडी मॉडल का प्रदर्शन भी किया।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देवभूमि हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल के प्रति स्नेह और परोपकार के लिए प्रदेश की जनता हमेशा प्रधानमंत्री की ऋणी रहेगी।

उन्होंने कहा कि केवल 70 लाख आबादी वाले हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य को एम्स जैसा प्रतिष्ठित संस्थान प्रदान करना, हिमाचल के विकास और यहां के लोगों के कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने दशहरा उत्सव पर हिमाचल के लिए 3653 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को समर्पित एवं शिलान्यास करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत करने के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह पार्क ऊना जिले के हरोली में 1405 एकड़ से अधिक क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा और हिमाचल के लोगों के लिए यह एक गेम चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस पार्क में लगभग 50,000 करोड़ रुपए का निवेश होगा और इसमें 30,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की 90 प्रतिशत लागत केंद्र सरकार वहन करेगी जिसकी अधिकतम सीमा 1000 करोड़ रुपये है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि दिल्ली के बाहर एम्स की स्थापना प्रधानमंत्री का एक सपना था क्योंकि 1960 में दिल्ली में पहले एम्स की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में इस संस्थान की आधारशिला प्रधानमंत्री द्वारा लगभग चार वर्ष पूर्व रखी गई थी। -एचडीएम

यह भी पढ़ें:-

एम्स बिलासपुर में हिमकेयर कार्ड से मिलेगा निशुल्क उपचार

बिलासपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *