जोगिन्दरनगर महाविद्यालय में एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर महाविद्यालय में शनिवार को स्वच्छ भारत अभियान और स्वच्छ परिसर के संकल्प को साकार करते हुए एनसीसी एवं एनएसएस इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर की नालियों तथा आसपास के क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
इस अभियान में एनसीसी और एनएसएस के 55 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर 1:40 बजे से 3:00 बजे तक चले इस श्रमदान के दौरान स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय की मुख्य नालियों, गलियारों और खेल मैदान के आसपास फैले प्लास्टिक, पत्तों एवं अन्य कचरे को साफ किया।
छात्रों ने टीमों में विभाजित होकर झाड़ू, दस्ताने एवं अन्य सफाई उपकरणों की सहायता से पूरे परिसर को स्वच्छ बनाया तथा एकत्रित कचरे का निर्धारित स्थान पर उचित निस्तारण किया।
अभियान का नेतृत्व महाविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट (डॉ.) स्मृति ठाकुर तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. श्रवण सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों को स्वच्छता के महत्व, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा मानसून के मौसम में जलजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
महाविद्यालय के समीप स्थित नाली में वर्षा ऋतु के दौरान अक्सर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे गंदगी फैलने और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्वयंसेवकों द्वारा किया गया यह श्रमदान परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।
अभियान के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रकाश चंद ने स्वयंसेवकों के कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
आरजीएम गवर्नमेंट कॉलेज, जोगिंदर नगर का यह प्रयास स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल परिसर निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।








