साल 2022 का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण दीवाली के अगले दिन 25 अक्तूबर को लग रहा है। यह आंशिक सूर्य ग्रहण होगा। ज्योतिष क्षेत्र में अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर चुके जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि सूर्य ग्रहण के दौरान सूर्य तुला राशि में होंगे और तुला राशि में सूर्य नीच राशि के माने जाते हैं।
सूर्य ग्रहण शाम 4:40 से 5:24 बजे तक रहेगा। इससे 12 घंटे पहले ग्रहण का सूतक काल शुरू हो जाएगा। इस सूर्य ग्रहण का स्पर्श भारत में दिन के 11:28 बजे हो जाएगा और शाम 5:24 बजे मोक्ष होगा। वहीं ग्रहण का सूतक 12 घंटे पूर्व यानि 24 अक्तूबर की रात 11:28 बजे से ही लग जाएगा, इसलिए दिवाली की अगली सुबह ग्रहण के सूतक काल में होगी।
सूतक के दौरान मूर्ति पूजा निषेध है। सूर्य ग्रहण के दौरान भोजन, पानी आदि कुछ भी खाना नहीं चाहिए। इस समय नाखून काटना, बाल कटवाना, बालों में कंघी करना आदि कार्य नहीं करने चाहिए। इसके अलावा मंदिरों में ग्रहण के बाद साफ.-सफाई होने के बाद ही पूजा आरंभ होती है।
वहीं मेष, कर्क, तुला, वृश्चिक, धनु व मीन राशि के लिए यह ग्रहण अशुभ माना जा रहा है। आपको अपनी सेहत का ध्यान रखने के साथ ही आपको वाहन चलाते वक्त सावधानी रखना होगी।
यहां दिखेगा सूर्य ग्रहण
25 अक्तूबर को लगने जा रहा सूर्य ग्रहण यूरोप, उत्तर पूर्वी अफ्रीका और पश्चिमी एशिया के विभिन्न हिस्सों में नजर आएगा। कुछ जगहों पर भारत में भी इसे देखा जा सकेगा। भारत में सूर्य ग्रहण दिल्ली, बंगलुरू, कोलकाता, चेन्नई, उज्जैन, वाराणसी और मथुरा में नजर आएगा।
दिल्ली में सूर्य ग्रहण भारतीय समयानुसार शाम 4:29 बजे शुरू होगा। मुंबई में शाम 4:49 बजे, कोलकाता में शाम 4:52 बजे व चेन्नई में सूर्य ग्रहण 5:14 बजे शुरू होगा।






























