छोटी काशी में भव्य देव महाकुंभ, बड़ा देव कमरूनाग के शुभ आगमन के साथ शुरू हुए शिवरात्रि के कारज

अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने के लिए मंडी जनपद के बड़ा देव कमरूनाग शुक्रवार को मंडी पहुंच गए हैं। बड़ादेव कमरूनाग के शुभ आगमन के साथ मंडी नगर में देव आस्था के महासमागम शिवरात्रि महोत्सव 2023 के कारज शुरू हो गए हैं।

मेले में सम्मिलित होने के लिए बड़ादेव कमरूनाग शुक्रवार को मंडी पधारे। बड़ादेव के अलावा छह और देवी-देवता भी शुक्रवार को छोटी काशी पहुंचे। शिवरात्रि महोत्सव के आनंद में भाव विभोर मंडी नगर देव ध्वनियों की दिव्य गूंज से तरंगित दिखा।

मंगलमय संगीत के मध्य देवी-देवताओं के आगमन से मंडी नगर में पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अपने ईष्ट देव-देवियों के दर्शन और उनका आशीर्वाद लेने के लिए नगर में जन सैलाब सा उमड़ रहा था।

सबसे पहले पुलघराट के पास जिला प्रशासन की ओर से सर्व देवता समाज समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा सहित महोत्सव स्वागत समिति के सदस्यों ने बड़ादेव कमरूनाग का स्वागत किया, वहां से देव कमरूनाग राज माधोराय मंदिर पहुंचे, जहां सरकार की तरफ से चंद्रशेखर और प्रशासन की तरफ अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी ने मेला कमेटी की ओर से बड़ादेव का स्वागत किया।

बड़ादेव ने दिया छोटी काशी को आशीर्वाद

मंडी। राजमाधव मंदिर में पूजा अर्चना ओर राजा के महल में राजा ओमेश्वर सेन से मिलने के बाद बड़ादेव कमरूनाग महल परिसर में ही स्थित राजघराने की कुल देवी राज राजेश्वरी के मंदिर भी पहुंचे।

यहां उन्होंने पूजा अर्चना की और इसके बाद मंदिर परिसर के बाद खुले मैदान में कुछ देर के लिए विराजमान हुए। यहां पर बड़ी संख्या में लोगों ने बड़ादेव को नमन किया।

इस अवसर पर बड़ादेव कमरूनाग के गुर नीलमणि ने कहा कि भगवान बड़ादेव कमरूनाग से छोटी काशी की जनता को खुशहाली का वरदान दिया है।

बड़ादेव कमरूनाग के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा है और सदियों से चली आ रही रीति को निभाने के लिए ही बड़ादेव हर वर्ष शिवरात्रि महोत्सव में आते हैं।

आज पहुंचेंगे ऋषि पराशर, चुंजवाला, मगरूमहादेव

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए शनिवार को सभी बड़े देवी-देवता पहुंच जाएंगे। राजघराने के कुलदेवता ऋषि पराशर शनिवार दोपहर तीन बजे के लगभग पहुंचेंगे।

वे सीधे राजा के बेड़े जाएंगे, जहां राजा ओमेश्वर सेन द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राजमाधव भी पालकी में सवार होकर राजा के बेड़े आएंगे।

वहीं इसके साथ ही आज देव चुंजवाला, मगरूमहोदव, चपलांदू नाग, माता मैहणी, माता सोणा सिंहासन, देवी श्री विष्णू मतलोड़ा, छाजणू छमाऊं, देव श्री सत बालाकामेश्वर सहित कई अन्य बड़े देवी देवता पहुंचेंगे। इसके साथ ही चौहारघाटी के प्रमुख देवता भी आज छोटी काशी पहुंच जाएंगे।

विधायक चंद्रशेखर ने किया देवी-देवताओं का स्वागत

धर्मपुर से पहली बार विधायक बने एवं कांग्रेस ने चंद्रशेखर ने मंडी में बड़ा देव कमरूनाग सहित अन्य देवी-देवताओं का स्वागत किया।

राजमाधव मंदिर में उन्होंने पूजा अर्चना भी की और इसके बाद बड़ादेव कमरूनाग और फिर अन्य देवी-देवताओं को बारी-बारी स्वागत किया और पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर देवता समितियों ने चंद्रशेखर को भी सम्मानित किया।

विधायक चंद्रशेखर ने इस अवसर पर मंडी व प्रदेश की जनता को शिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें देवी-देवताओं का स्वागत करने का अवसर पर मिला है।

उन्होंने कहा कि वह देवी-देवताओं के आशीर्वाद से ही विधायक बने हैंं।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।