छोटी काशी में सैर के अवसर पर मनाया जा रहा अखरोट का खेल

आप सभी को सायर पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। छोटी काशी में आज अखरोट का खेल यानि सैर उत्सव मंगलवार को बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। उल्लास और उमंग के इस खेल में आखरोटों के सहारे उत्सव मनाया जाएगा।

जिला मंडी में धूमधाम से मनाया जा रहा है सैर उत्सव

मंगलवार के दिन सुबह ही लोगों ने सैर का पूजन किया और अब बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया जाएगा। प्राचीन मंदिरों की नगरी मंडी को छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है।

यही मंडी सैर पर्व की तैयारियों में रंगी हुई है। ऋतु परिवर्तन और नई फसल के आगमन का प्रतीक यह पर्व मंगलवार को पूरे जनपद में उल्लास और आस्था के साथ मनाया जाएगा।

इस वर्ष बरसात मंडी के लोगों को गहरा नुकसान दे गई, लेकिन अब लोग धीरे-धीरे उस सदमे से उबरकर उत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं।

सेरी मंच पर सजी दुकानों में खरीदारी का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला मंडी में इस अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित है।

किसानों की खुशहाली से जुड़ा पर्व

सैर पर्व को अनाज पूजा का पर्व भी कहा जाता है। इस दिन पेठू की पूजा का विशेष महत्व है। किसान अपने खेतों से आई नई फसल जैसे मक्की, धान, तिल, कोठा और गलगल की भी पूजा करते हैं और ईश्वर से भरपूर पैदावार की कामना करते हैं।

यह परंपरा ग्रामीण जीवन में भूमि और श्रम के महत्व को दर्शाती है। पर्व पर बड़े-बुजुर्गों को अखरोट और द्रुब (दूर्बा) देकर आशीर्वाद लेने की परंपरा निभाई जाती है, जिसे सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

बच्चे व युवा इस दिन अखरोट खेलते हैं। हालांकि, मक्की व अखरोट का सेवन इस दिन निषिद्ध माना गया है। यह पर्व उपज, और लोक रीति-रिवाजों का सामूहिक उत्सव है।

भादो माह का समापन और लोक आस्थाएं

सैर पर्व का विशेष महत्व भादो माह से जुड़ा है, जिसे स्थानीय परंपराओं में ‘काला महीना’ कहा जाता है। इस अवधि में नई नवेली दुल्हनें मायके में रहती हैं और आश्विन मास की सक्रांति यानि सैर के दिन वे ससुराल लौटती हैं।

लोक आस्थाओं के अनुसार भादो माह में ग्राम देवता अपने मंदिरों से निकलकर द्रंग क्षेत्र की घोघरधार में डायनों से युद्ध करने जाते हैं। सैर पर्व के दिन उनकी वापसी होती है और गूरों द्वारा इस दिव्य युद्ध का वर्णन सुनाया जाता है।

यह परंपरा न केवल धार्मिक विश्वास को जीवित रखती है बल्कि सामुदायिक एकता को भी मजबूत करती है।

आज जिला मंडी में रहेगा अवकाश

सायर उत्सव के आयोजन के लिए मंडी जिला में अवकाश रहेगा। मंडी डीसी ने सायर के लिए मंगलवार के दिन अवकाश घोषित किया है। उत्सव आयोजन के लिए अवकाश होने पर लोगो में उत्साह भी देखा जा रहा है।

जानें क्यों मनाया जाता है सायर पर्व >>

सायर: सौभाग्य के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला पर्व

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *