हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते सड़कें बंद, सैंकड़ों वाहन फंसे

हिमाचल में बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश भर के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज हुई है। बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर शिमला में ही देखने को मिला है। बारिश और बर्फ़बारी के चलते पूरे प्रदेश में शीतलहर है।

बरोट में हुई ताज़ा बर्फ़बारी की एक तस्वीर

यहां शुक्रवार दोपहर बाद ऊपरी क्षेत्रों नारकंडा, कुफरी और खड़ापत्थर में छह सेंटीमीटर तक बर्फबारी रिकार्ड हुई है। बर्फबारी का क्रम लगातार जारी है और आगामी चौबीस घंटे के दौरान इन क्षेत्रों में बर्फ की परत और मोटी होने की संभावना बनी हुई है।

शुक्रवार दोपहर से ही शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में वाहनों के पहिये थम गए हैं। इन क्षेत्रों में बर्फबारी से पहले गए सैकड़ों वाहन अब फंस गए हैं।

प्रशासन ने शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर तक पर्यटकों से सीमित आवाजाही करने का आह्वान किया है। यहां बर्फबारी होने की वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और इससे मौसम साफ भी होता है तो सड़क पर पानी जमने की संभावना रहेगी और इससे वाहनों के पहिये फिसल सकते हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यह बात कही गई है। मौसम विभाग ने राज्य सरकार को अलर्ट भेजा था और इस अलर्ट में खराब मौसम की बात कही गई थी।

हिमाचल में शिमला के अलावा किन्नौर, कुल्लू, लाहुल-स्पीति और चंबा में बर्फबारी शुरू हो गई है। यहां कई स्थानों पर दस सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज हो चुकी है।

अटल टनल रोहतांग में वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। सोमवार को हुई बर्फबारी से टनल को बंद किया गया था। हालांकि मौसम साफ होने के बाद शुक्रवार को एक बार फिर वाहनों की आवाजाही को इजाजत दे दी गई थी।

लेकिन शुक्रवार दोपहर बाद बर्फबारी शुरू होते ही एक बार फिर आवाजाही रोक दी गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने बर्फबारी के बीच पर्यटकों को ऊपरी क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।

यहां लगातार बर्फबारी होने से गाडिय़ां फंस सकती हैं। बर्फबारी के अलर्ट को देखते हुए भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने इन्हें सुरक्षित स्थानों पर रूक कर मौसम के साफ होने का इंतजार करने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश भर में बर्फबारी शनिवार को दिन भर जारी रहेगी। जबकि रविवार को मौसम में हल्के सुधार की संभावना रहेगी। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने शिमला, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, मंडी और कांगड़ा में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन सभी जिलों में आगामी 24 घंटे के दौरान ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।

इसका असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने दिन के तापमान में बड़ी गिरावट आने की संभावना जताई है। जबकि रात के तापमान में दो डिगी्र सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।

आज मौसम खराब, पर्यटकों को अलर्ट

प्रदेश भर में आज भी मौसम खराब रहेगा। इसका अलर्ट विभाग की ओर से जारी किया गया है। विभाग ने सात जिलों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी की संभावना जताई है और 30 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने की बात कही है।

इस अलर्ट को देखते हुए पीडब्ल्यूडी, बिजली बोर्ड और जलशक्ति विभाग ने अपने-अपने कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने भी अपने-अपने स्तर पर अलर्ट जारी किए हैं।

ज्यादातर अलर्ट पर्यटकों को लेकर हैं। वीकेंड पर पर्यटकों की आमद हिमाचल में बढ़ गई है। ऐसे में वाहनों की भारी आवाजाही प्रदेश में हो रही है।

पर्यटकों को मौसम के साफ होने तक इंतजार की सलाह दी गई है। ताकि उनके साथ किसी तरह का हादसा न हो।

उधर जोगिन्दरनगर क्षेत्र में भी शुक्रवार से बर्फ़बारी और बारिश का क्रम ज़ारी है जो शनिवार सुबह भी लगातार ज़ारी है। बारिश और बर्फ़बारी के चलते पूरे जोगिन्दरनगर क्षेत्र में शीतलहर है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *