सीएम पद के दावेदारों में अब प्रतिभा सिंह का नाम भी शामिल

शिमला : कांग्रेस की बागडोर होलीलॉज में बढ़ते सियासी घेरे का संदेश साफ है। हिमाचल में अगला मुख्यमंत्री तय करने में होलीलॉज खास भूमिका अदा करेगा। कांग्रेस में सीएम के चाहे कितने भी दावेदार हों, लेकिन इनमेंं अब एक नाम और जुड़ गया है और यह नाम है प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का।

चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस में टकराव देखने को मिलता है, तो होलीलॉज के पक्ष में भीड़ दूसरे चेहरों के मुकाबले ज्यादा होने के दावे होने लगे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की चाह में अध्यक्ष पद ठुकराने वाले नेताओं की मुश्किलें जरूर बढ़ सकती हैं।

फिलहाल, कांग्रेस सत्ता पर काबिज होती है, तो सीएम पद की दावेदार प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी हो सकती हैं। हालांकि ऐसी स्थिति में हिमाचल में विधानसभा चुनाव के बाद दो उपचुनाव की संभावना रहेगी। प्रतिभा सिंह को मंडी से सांसद पद छोडऩा होगा और जिस सीट पर वह विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी, वहां भी दोबारा से चुनाव होगा।

कांग्रेस में अब तक ही हलचल में यह सबसे नया पहलू है। दिल्ली में आला नेताओं से मुलाकात के बाद लौटी प्रतिभा सिंह को लेकर पहली मर्तबा ऐसी चर्चा शुरू हो हुई है, जबकि इससे पहले तक सीएम फेस के तौर पर मुकेश अग्रिहोत्री, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर, आशा कुमारी के नाम पर ही चर्चा हो रही थी। अब इस रेस में प्रतिभा सिंह का नाम भी शामिल हो रहा है।

होलीलॉज की भूमिका को किसी भी तरह से नकारा नहीं जाएगा। अब देखना होगा कि प्रतिभा सीएम के लिए खुद का नाम नाम सामने रखती हैं या फिर किसी ऐसे चेहरे पर दांव खेलने का फैसला करेंगी, जो उनके लिए आगामी पांच साल में सारथी की भूमिका में रहे।

मतदान के बाद होलीलॉज में हलचल कायम है। तमाम नेता अभी भी सिलसिलेवार हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। प्रतिभा सिंह के भारत जोड़ो यात्रा से लौटने के बाद बड़े नेताओं की दौड़ शुरू हो गई है। होलीलॉज में हाजिरी भरने वालों में नया नाम बल्ह से पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी का भी जुड़ गया है।

प्रकाश चौधरी शुक्रवार को होलीलॉज में थे। इस मौके पर उन्होंने मंडी में राजनीतिक हलचल पर प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से चर्चा की है। कांग्रेस इस बार 40 से ज्यादा सीटें जीतने की बात कर रही है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री को लेकर भी तमाम अटकलें जारी हैं।

कांग्रेस सत्ता पर काबिज होने लायक बहुमत जुटा लेती है तो सरकार में दायित्व कैसे रहेंगे। इसके साथ ही प्रतिभा सिंह ने दिल्ली से लौटे ऑब्जर्वर अनिल गोयल से प्रदेश से बाहर का फीडबैक भी लिया है। दिल्ली नगर निगम चुनाव और गुजरात विधानसभा पर कांग्रेस नजर रख रही है।

इस मौके पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस इस बार भारी बढ़त के साथ सरकार बनाने जा रही है। गौरतलब है कि इससे पूर्व होलीलॉज पहुंचने वालों में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर और ठाकुर सिंह भरमौरी का नाम सामने आ चुका है।

अब प्रदेश में प्रकाश चौधरी चौथे बड़े नेता हैं, जो प्रतिभा सिंह से मुलाकात करने पहुंचे हैं। उधर, दिल्ली एमसीडी इलेक्शन के ऑब्जर्वर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मीडिया पैनलिस्ट अनिल गोयल ने बताया कि दिल्ली-गुजरात में कांग्रेस का इस बार प्रदर्शन शानदार रहेगा।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।