2 महीने बाद पैराग्लाइडिंग शुरू होने से बिलिंग घाटी में लौटी रौनक
विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग घाटी बीड़ बिलिंग में करीब दो माह के अंतराल के बाद एक बार फिर रौनक लौट आई है। पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू होने के साथ ही घाटी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्थानीय कारोबारियों, होटल-होमस्टे संचालकों, टैक्सी आपरेटरों और अन्य पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरों पर भी खुशी नजर आने लगी है।
वीकेंड पर बीड़ बिलिंग घाटी बाहरी राज्यों से पहुंचे पर्यटकों से लबालब नजर आई। पहले दिन 340 पर्यटक ने टेंंडम उड़ानों का लुत्फ उठाया। लंबे समय से पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे पर्यटकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
रविवार को मौसम अनुकूल रहने पर पैराग्लाइडिंग के शौकीनों ने बिलिंग के आसमान से टेंडम उड़ानों का रोमांचक अनुभव लिया। पैराग्लाइडिंग घाटी में दो माह तक उड़ानों पर रोक रहने के कारण पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा।
अब उड़ानें शुरू होने के बाद बीड़, चौगान और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों की चहल-पहल बढऩे लगी है। बाजारों में भी पर्यटकों की आवाजाही से रौनक दिखाई दी। होटल, होमस्टे, रेस्तरां, कैफे, टैक्सी और पैराग्लाइडिंग से जुड़े कारोबारियों को आने वाले पर्यटन सीजन से बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।
सैलानियों ने कैमरों में कैद किए प्राकृतिक नजारे
बिलिंग की ऊंची पहाडिय़ों से टेंडम पैराग्लाइडिंग के लिए पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह रहा। उड़ान भरने से पहले पर्यटकों ने बिलिंग और आसपास के प्राकृतिक नजारों को कैमरों में कैद किया।
उड़ान के दौरान धौलाधार की पर्वत श्रृंखलाओं और कांगड़ा घाटी के विहंगम दृश्य पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोगों का कहना है कि बीड़-बिलिंग की पहचान देश-विदेश में पैराग्लाइडिंग के प्रमुख स्थलों के रूप में है।
पैराग्लाइडिंग गतिविधियां शुरू होने से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ती है, बल्कि सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न कारोबारियों को भी मिलता है।
दो माह के इंतजार के बाद रविवार को बिलिंग के आसमान में उड़ते पैराग्लाइडरों और घाटी में उमड़े पर्यटकों ने साफ संकेत दिया कि बीड़-बिलिंग में पर्यटन सीजन ने फिर रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
