जोगिन्दरनगर क्षेत्र में कार-स्कूटी की टक्कर में महिला की मौत

जोगिन्दरनगर : मंडी-पठानकोट हाईवे पर ढेलू के पास मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार लग्जरी कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 58 वर्षीय रुकमणी और घायल पति की पहचान 62 वर्षीय जय सिंह, निवासी ढेलू हार, जोगिन्दरनगर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दंपती मंगलवार को लदरूहीं के समीप अपने रिश्तेदार के घर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ढेलू के समीप पहुंचे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर गए। रुकमणी के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि जय सिंह के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कार चालक वाहन समेत वहां से फरार हो गया।

घायल अवस्था में पड़ी रुकमणी को हारगुनैण पंचायत के प्रधान मुकेश की मदद से जोगिन्दरनगर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल जय सिंह का उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब फरार कार चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार के अनुसार, हादसे में महिला की मौत हुई है और घायल व्यक्ति का उपचार जारी है। फरार चालक को पकड़ने के लिए मंडी जिले के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और कार की रफ्तार कितनी थी। फरार चालक की गिरफ्तारी के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *